यूपी के कई इलाकों में पिछले दो दिनों से जारी भारी बारिश की वजह से रिहंद बांध के गेट खोल दिए गए हैं। इसकी वजह से आसपास के इलाकों के कई कच्चे मकान गिर गए जिसमें कई लोगों की मौत हो गई। सोनभद्र में भारी बारिश की वजह से शुक्रवार को रिहंद बांध के पांच दरवाजे खोल दिए गए थे।
अधिकारियों के मुताबिक बुंदेलखंड में कई कच्चे मकान बह गए जिसमें बांदा जिले के कलवनगंज और महोबा में पांच लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा कानपुर में भी भारी बारिश की वजह से एक मकान ढह जाने से चार लोगों की मौत हो गई जिसमें दो बच्चे भी शामिल थे। इलाहाबाद में भी बाढ़ की वजह से 12 साल की एक बच्ची की मौत हो गई। साथ ही सीतापुर में भी एक व्यक्ति की मौत हुई है।