तेलंगाना के वारंगल में कल एक दर्दनाक वाक्या सामने आया जब सेल्फी लेने के चक्कर में झील में डूब रही युवती को बचाने की वजह से पांच छात्रों की जान चली गई।
मरने वालों में दो लड़कियां और तीन लड़के थे जो आपस में गहरे मित्र थे और पिकनिक मनाने के लिए झील पर आए थे। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से पांचों शव बरामद कर लिए हैं।
जानकारी के अनुसार मामला तेलंगाना के वारंगल जिले का है। जहां बाल्लिकुंटा के एक इंजीनियरिंग कालेज के बीटेक फाइनल ईयर के छह छात्र और छात्राएं घूमने के लिए धर्मसागर झील पर आए थे। इसी दौरान प्रत्यूषा नाम की छात्रा झील के किनारे पत्थर पर खड़ी होकर सेल्फी ले रही थी तभी उसका पैर फिसला और वह पानी में डूबने लगी। यह नजारा देख एक छात्रा और तीन छात्र उसे बचाने के लिए एक एक कर झील में उतरे लेकिन वह भी डूबने लगे।
हालांकि जैसे तैसे प्रत्यूषा को तो बचा लिया गया लेकिन पानी के भंवर में फंसकर बाकी पांचों छात्रों की मौत हो गई जिनमें दो छात्राएं थी। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई।