देश में कोरोना की दूसरी लहर थमने लगी है। हालात सुधरते देख राज्य सरकारों ने अनलॉक की तैयारी शुरू कर दी है। 1 जून से पांच राज्यों में चरणबद्ध ढील देने की योजना बनाई जा रही है। इनमें दिल्ली, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और केरल शामिल हैं। हालांकि, चार राज्यों को छोड़ केरल वर्चुअल मोड में खुलेगा। बता दें कि छत्तीसगढ़ में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
केरल में सोमवार से स्कूल-कॉलेज ऑनलाइन खोले जाएंगे। पहले फेज में फल, सब्जी और किराना दुकानों को खोला जा सकता है। हालांकि, कुछ राज्यों में कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए लॉकडाउन जारी रहेगा। महाराष्ट्र, कर्नाटक, गोवा, पश्चिम बंगाल में लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है।
मध्यप्रदेश
मध्यप्रदेश में एक जून 2021 से सभी शासकीय कार्यालयों में शत-प्रतिशत अधिकारी उपस्थित रहेंगे। निर्देशों में कहा गया है कि अत्यावश्यक सेवाएं देने वाले कार्यालयों को छोडकर शेष कार्यलय 100 फीसदी अधिकारियों एवं 50 फीसदी कर्मचारियों के साथ संचालित किए जायेंगे।
अत्यावश्यक सेवाओं में कलेक्ट्रेट, पुलिस, आपदा प्रबंधन, फायर, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, जेल, राजस्व, पेयजल आपूर्ति, नगरीय प्रशासन, ग्रामीण विकास, विद्युत प्रदाय, सार्वजनिक परिवहन, कोषालय और पंजीयन सम्मिलित हैं। इसके अतिरिक्त अत्यावश्यक सेवाओं का निर्धारण जिला कलेक्टर करेंगे। ये निर्देश 15 जून 2021 तक प्रभावशील रहेंगे। कोविड-19 के प्रोटोकाल का कड़ाई से पालन के निर्देश भी दिए गए हैं।
उत्तर प्रदेश
यूपी सरकार ने प्रदेश के 55 जिलों की जनता को कोरोना कर्फ्यू से बड़ी राहत देने का निर्णय लिया है। इन जिलों में एक जून 2021 की सुबह 7.00 बजे से शाम 7.00 बजे तक सप्ताह के पांच दिन बाजार खुल सकेंगे जबकि शनिवार व रविवार को साप्ताहिक बंदी लागू रहेगी। वहीं, जिन बाकी 20 जिलों में कोरोना संक्रमितों की संख्या 600 से ज्यादा है वहां कोई छूट नहीं दी गई है।
जारी किए गए आदेश के अनुसार, मेरठ, लखनऊ, सहारनपुर, वाराणसी, गाजियाबाद, गोरखपुर, मुजफ्फरनगर, बरेली, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, झांसी, प्रयागराज, लखीमपुर खीरी, सोनभद्र, जौनपुर, बागपत, मुरादाबाद, गाजीपुर, बिजनौर एवं देवरिया में फिलहाल कोई छूट नहीं दी गई है।
साप्ताहिक बंदी के दौरान पूरे प्रदेश में शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन व फॉगिंग का अभियान चलाया जाएगा। दुकानों पर दुकानदार व मौजूद अन्य स्टॉफ के लिए कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करना जरूरी होगा। उनके लिए मास्क पहनना, दो गज की दूरी का पालन करना और सैनिटाइजर की व्यवस्था रखना जरूरी होगा।
इन राज्यों में बढ़ा लॉकडाउन
बंगाल में 15 जून तक लॉकडाउन बढ़ाया जा चुका है। वहीं महाराष्ट्र के कई जिलों में लॉकडाउन को बढ़ा दिया गया है, जबकि कर्नाटक में 7 जून तक लॉकडाउन जारी रहेगा। हालांकि बिहार, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा में लॉकडाउन बढ़ाने पर संशय है।
बीते 24 घंटे में कोरोना के 1.75 लाख नए मामले
शनिवार को स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़े में 1.75 लाख नए मामले सामने आए हैं, 45 दिन में यह संख्या सबसे कम है, लेकिन मौत के आंकड़े कम नहीं हुए हैं। बीते एक दिन में 3500 लोगों की मौत हुई। वहीं कुछ एक्सपर्ट्स कोरोना की दूसरी लहर की पीक आना अभी बता रहे हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि जुलाई में कोरोना पीक पर होगा साथ ही सितंबर के आसपास कोरोना की तीसरी लहर दस्तक देगी।
दिल्ली में 1000 से कम नए केस
दिल्ली में कोरोना की रफ्तार सुस्त पड़ गई है। 24 घंटे में 956 नए केस दर्ज किए गए हैं। यह आंकड़ा दो महीने में सबसे कम आया है। हालात सुधरते देख मुख्यमंत्री केजरीवाल ने फल, सब्जी और किराना दुकानों को खोलने की कवायद शुरू की है।