कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा
- फोटो : अमर उजाला
देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा ने जमकर प्रचार किया। ऐसे में कांग्रेस को उम्मीद है कि इस बार नतीजों में उसका प्रदर्शन बेहतर रहेगा। हालांकि, देखना यह है कि प्रियंका गांधी के वादों और दावों पर जनता कितना भरोसा कर पाती है। बता दें कि प्रियंका गांधी ने प्रचार के दौरान काफी मेहनत की। माना जा रहा है कि उनके नारों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया है।
भारी बारिश में भी किया प्रचार
गौर करने वाली बात यह है कि प्रियंका गांधी ने प्रचार के दौरान आंधी-बारिश और तूफान किसी की भी परवाह नहीं की। भारी बारिश के बीच प्रचार की उनकी तस्वीर सोशल मीडिया पर भी काफी वायरल हुई थी। प्रियंका ने उत्तरप्रदेश-उत्तराखंड समेत पांचों राज्यों में कुल 167 रैलियों, जनसभाओं और नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। वहीं, जब चुनाव आयोग ने रैलियों पर प्रतिबंध लगा दिया तो उन्होंने वर्चुअल माध्यम से जनता से संपर्क जोड़ा।
हिट रहा लड़की हूं लड़ सकती हूं नारा
कांग्रेस नेताओं का दावा है कि प्रियंका गांधी का 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' अभियान काफी ज्यादा चर्चा में रहा। उन्होंने उत्तरप्रदेश में 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देने का एलान करके हर किसी को चौंका दिया। दरअसल, प्रियंका गांधी का पूरा जोर महिलाओं के सशक्तीकरण पर रहा।
कांग्रेस नेताओं का दावा- दिखेगा प्रियंका का असर
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि चुनाव प्रचार के दौरान प्रियंका गांधी ने अपने भाषणों और मेहनत से लोगों के दिलों में जगह बनाई। साथ ही, अपनी सहजता और संवेदना से उनका दिल भी जीता। फिरोजाबाद में चुनाव प्रचार के दौरान प्रियंका गांधी चूड़ी की ढलाई का काम करने वाली एक महिला के घर पहुंची थीं और उनसे बातचीत की थी। वहीं, अलीगढ़ में उन्होंने ब्यूटी पार्लर चलाने वाली महिला से संवाद किया।