फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नए कोरोना का खौफ: ब्रिटेन से आईं दो उड़ानों में मिले आठ पॉजिटिव, छह दिल्ली में व दो कोलकाता में

Tue, 22 Dec 2020 01:42 PM IST
अनवर अंसारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
कोरोना वायरस (फाइल फोटो) - फोटो : PTI
विज्ञापन

भारत ने ब्रिटेन में कोरोना वायरस के नए रूप के सामने आने के बाद 31 दिसंबर तक वहां से आने वाली उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया है। वहीं, कल रात लंदन से दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचे छह यात्री और क्रू सदस्य कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। इनके नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया है। 

विज्ञापन


गौरतलब है कि ब्रिटेन में सामने आए वायरस नए रूप के चलते दुनियाभर में खलबली मच गई है। कई देशों ने ब्रिटेन से आने वाली उड़ानों पर रोक लगा दी है। भारत भी उनमें से एक है, जिसने 31 दिसंबर की मध्य रात्रि तक विमानों पर रोक लगाई हुई है। हालांकि, यह विमान प्रतिबंध अवधि से पहले भारत पहुंचा है। 



कोविड-19 के लिए नियुक्त किए गए नोडल अधिकारी ने बताया, सोमवार रात ब्रिटेन की राजधानी लंदन से दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचे 266 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों में से छह लोग कोरोना से संक्रमित मिले हैं। उनके नमूने को जांच के लिए एनसीडीसी को भेज दिया गया है और संक्रमितों को देखभाल केंद्र भेजा गया है। 
विज्ञापन


यह भी पढ़ें: ब्रिटेन में नए कोरोना वायरस से मचा दुनियाभर में हड़कंप, जानिए किस देश ने उठाए क्या कदम

ब्रिटेन से आए दो लोग कोलकाता हवाई अड्डे पर मिले संक्रमित
ब्रिटेन के दो यात्रियों को कोलकाता हवाई अड्डे पर पहुंचने पर कोरोना संक्रमित पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि ब्रिटेन से 222 यात्रियों को लेकर एक विमान रविवार रात नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल हवाई अड्डे पर पहुंचा।

अधिकारियों ने बताया कि 25 यात्रियों के पास उनकी कोरोना रिपोर्ट नहीं थी। इसलिए उन्हें पास के एक क्वारंटीन केंद्र में ले जाया गया और उनके कोरोना वायरस परीक्षण किया गया। इनमें से दो लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। कोरोना प्रोटोकॉल के अनुसार, भारत आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को सात दिनों तक आइसोलेशन में रहना होगा।
 

ब्रिटेन से आने वाले लोगों के लिए जारी हुई एसओपी

ब्रिटेन में कोरोना वायरस का म्युटेशन वायरस में 17 बदलावों के साथ हुआ है। इस वायरस की चपेट में आने वाले ज्यादातर युवा लोग हैं। यह वायरस ज्यादा खतरनाक माना जा रहा है। ऐसे में 25 नवंबर से लेकर अब तक जितने भी लोग ब्रिटेन से भारत आए हैं, उनके लिए एसओपी जारी किया गया है। 

एसओपी के मुताबिक, 21 से 23 दिसंबर के बीच ब्रिटेन से भारत आए यात्रियों में अगर कोरोना का संक्रमण पाया जाता है, तो उन्हें इस खास स्ट्रेन (वायरस का नया रूप) के लिए अगल से जांच करवानी होगी। इसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी। यात्रियों को 14 दिनों की यात्रा का विवरण भी देना होगा। 

इसके मुताबिक, ब्रिटेन से आने वाले यात्री के कोरोना संक्रमित होने पर इन्हें राज्य सरकार के आइसोलेशन सेंटर में रखा जाएगा। नमूनों को जांच के लिए एनआईवी पुणे भेजा जाएगा। अगर संक्रमित व्यक्ति में साधारण कोरोना वायरस पाया जाता है, तो उसे होम आइसोलेशन में भी रखा जा सकता है। 

एसओपी के मुताबिक, लेकिन अगर व्यक्ति में कोरोना का नया रूप पाया जाता है, तो उसे 14 दिन सरकारी आइसोलेशन में बिताने होंगे। जहां एक बार फिर उसकी कोरोना जांच की जाएगी। 24 घंटे के अंतराल में दो बार नमूनों के निगेटिव आने पर ही व्यक्ति को छुट्टी दी जाएगी। वहीं, 25 नवंबर से अब तक ब्रिटेन से भारत आए लोगों की जानकारी ब्यूरो आफ इमिग्रेशन संबंधित राज्य सरकारों को देगा।
विज्ञापन

सरकार ने ब्रिटेन से आने वाले विमानों पर लगा रखी है रोक

बता दें कि ब्रिटेन में सामने आए कोरोना वायरस के एक नए रूप के चलते भारत सरकार सतर्क हो गई है। सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए सोमवार को ब्रिटेन से आने वाले विमानों पर 31 दिसंबर तक रोक लगा दी है। इस नए वायरस के चलते ब्रिटेन में राजधानी लंदन समेत कई इलाकों में फिर से लॉकडाउन लागू करना पड़ा है। 

नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि जर्मनी, बेल्जियम और फ्रांस जैसे यूरोपीय देशों ने ब्रिटेन के साथ हवाई सफर को फिलहाल रोक दिया है। अगर हमें दूसरे स्थानों से कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन के प्रसार की जानकारी मिलती है तो हम अन्य देशों के साथ भी हवाई यात्रा रोकने पर विचार करेंगे।

यह भी पढ़ें: कोरोना का नया रूप: भारत में वायरस के प्रसार की संभावना को नकारना नामुमकिन, जानें क्यों

इस संबंध में नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया, 'ब्रिटेन में मौजूदा स्थिति को देखते हुए, भारत सरकार ने फैसला किया है कि ब्रिटेन से भारत आने वाली सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से 31 दिसंबर, 11:59 बजे तक निलंबित कर दिया जाएगा। यह प्रतिबंध आज रात 11:59 बजे से प्रभावी हो जाएगा। 

मंत्रालय ने कहा, 'एहतियात के तौर पर ब्रिटेन से आने वाले विमानों में सवार यात्रियों (वे विमान जिन्होंने उड़ान भर ली है या जो उड़ानें भारत में 22 दिसंबर को रात 11.59 बजे से पहले पहुंच रही हैं) का हवाई अड्डों पर आगमन पर आरटी-पीसीआर परीक्षण अनिवार्य होगा।' 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें