फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वो पांच घटनाएं जब माननीयों ने दिखाया अपना 'बिगडै़ल' रूप

Sat, 25 Mar 2017 01:36 PM IST
amarujala.com- Written by : हरेन्द्र सिंह मोरल
विज्ञापन
विज्ञापन
एयर इंडिया के एक सीनियर स्टाफ से मारपीट करके शिवसेना के सांसद रवीन्द्र गायकवाड़ दो दिनों से सुर्खियों में बने हुए हैं। मारपीट के अलावा सांसद के बयान भी सुर्खियों में हैं जिनमें वह पूरी हनक के साथ दावा करते हैं कि "मैंने एक नहीं 25 बार उसे चप्पलों से मारा।"
विज्ञापन


सांसद ये भी दावा करते हैं कि "वह भाजपा के नहीं शिवसेना के सांसद हैं और अगर किसी में हिम्मत है तो उन्हें गिरफ्तार करके दिखाए।" हालांकि मामले में अब उनके खिलाफ कार्रवाई का दौर जारी है, लेकिन ये पहली बार नहीं है जब माननीय कहलाए जाने वाले इन जनप्रतिनिधियों ने मर्यादा की तमाम सीमाएं पार कर दी हों।

इससे पहले भी ऐसे कई किस्से हैं जब सांसदजी के गुस्से का सामना आम जनता और दूसरे लोगों को करना पड़ा। आइए डालते हैं ऐसे ही कुछ तुनकमिजाज सांसदों पर।

सांसद पप्पू यादव ने एयर होस्टेस को दी धमकी- चप्पलों से पीटूंगा

फ्लाइट में स्टाफ से बदतमीजी करने वाले गायकवाड़ अकेले सांसद नहीं हैं उनसे पहले राजद से निकाले गए सांसद पप्पू यादव भी इसी तरह की हरकत कर चुके हैं। दो साल पहले पटना से दिल्‍ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में सांसद एक एयर होस्टेस से ‌भिड़ गए थे। सांसद पहले इस बात से भड़के कि फ्लाइट की लांचिंग के दौरान एयर होस्टेस ने उनसे मोबाइल बंद करने के लिए कह दिया।

उसके बाद सांसद का पारा इस बात पर चढ़ गया जब एयर होस्टेस ने उनका झूठा खाना उठाकर डस्टबिन में डालने से इंकार कर दिया। इससे भड़के पप्पू यादव ने एयर होस्टेस को चप्पल से पीटने की धमकी दे डाली। जिसकी शिकायत एयर होस्टेस ने एयर इंडिया प्रबंधन से की।

स्कूल प्रिंसिपल को घसीटते हुए ले गए एनीसीपी सांसद हेमंत गोडसे
एनसीपी सांसद हेमंत गोडसे स्‍कूल के प्रिंसिपल को गिरेबान से पकड़कर खींचते नजर आए। नासिक से सांसद गोडसे किसी बात से प्रिंसिपल से भड़के हुए थे। इसके बाद वह सीधे स्कूल के प्रिंसिपल के रूम में पहुंचे और उन्हें गिरेबान पकड़कर बाहर खींच लिया। वह उन्हें दूर तक इसी तरह खींचते हुए ले गए। खास बात ये है कि मौके पर पुलिस भी मौजूद थी ‌लेकिन किसी ने सांसद को रोकने का प्रयास नहीं किया।

भाजपा सांसद अनंत हेगडे ने डॉक्टरों के मुंह पर बरसाए घूसें

कर्नाटक के सिरसी से भाजपा सांसद अनंत कुमार हेगड़े पर डॉक्टरों से मारपीट का आरोप लगा था। मामला उत्तरा कन्नड जिले में इसी साल जनवरी का था जहां भाजपा सांसद अनंत कुमार ने अपनी मां को एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया था। उनके जांच में देरी हुई तो सांसद भड़क गए और मौके पर मौजूद डॉक्टर मधुकेश्वर की पिटाई शुरू कर दी।

उनके मुंह पर मुक्के बरसाए और पूरी लॉबी में घसीटते रहे। सांसद इस कदर गुस्से में थे कि डॉक्टर का गला दबाकर मारनेका भी प्रयास किया। उनके यह सारी करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बाद में सांसद ने अपनी गलती के लिए माफी मांगी। हालांकि उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।  

भाजपा सांसद बहादुर सिंह कोली ने टोल कर्मी को पीटा
राजस्‍थान के भाजपा सांसद बहादुर सिंह कोली ने टोल टैक्स मांगने पर टोल प्लाजा पर जमकर गुंडागर्दी दिखाई। उन्होंने टोल कर्मचारियों को धमकाते हुए एक कर्मचारी की पिटाई भी कर दी। टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद सांसद की यह करतूत सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो वह आरोपों से ही मुकर गए।

उल्टे टोल कर्मचारियों पर ही आरोप लगाते हुए कहा कि टोल के गार्ड ने उनके ड्राइवर के साथ बदतमीजी की थी, इसलिए उसे समझाया था। जानकारी के अनुसार मामला पिछले साल 11 जुलाई का है। भरतपुर के सांसद बहादुर सिंह कोली आगरा बिकानेर हाइवे पर अपनी स्कार्पियो गाड़ी से जा रहे थे, रास्ते में लुढावई टोल प्लाजा पर टोल कर्मचारियों ने उनकी गाड़ी को टोल टैक्स के लिए रोक लिया। 
विज्ञापन

महिला टीचर पर भड़के भाजपा सांसद मनोज तिवारी

कभी भोजपुरी फिल्मों के स्टार रहे गायक अभिनेता मनोज तिवारी लोगों की एक फरमाइश पर तुरंत गाना सुनाने के लिए तैयार हो जाया करते थे। उस समय शायद यह उनके काम का हिस्सा भी था। लेकिन फिल्मों से राजनीति में आने और सांसद बनने के बाद तिवारी जी का मिजाज थोड़ा बदल गया है, यही कारण है कि दिल्‍ली में एक कार्यक्रम के दौरान उन्हें देखकर उत्साहित हुई एक महिला शिक्षक ने जब उनसे एक गाने की फरमाइश कर दी तो सांसद जी भड़क गए।

तममताए चेहरे से बोले कि तुम्हे तमीज नहीं है एक सांसद से गाने की फरमाइश करती हो। सांसद जी का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ वह काफी देर तक उस पर भड़ास निकालते रहे, उसे धमकाते हुए मंच से नीचे उतार दिया और अधिकारियों को शिक्षिका पर कार्रवाई की नसीहत तक दे डाली।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें