महाराष्ट्र के नागपुर में स्थित एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कोविड-19 के पांच मरीज रविवार को भाग निकले लेकिन कुछ ही घंटों बाद उन्हें पकड़ लिया गया। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक अधिकारी के अनुसार मरीज सुबह अस्पताल से भागे थे और ट्रेन पकड़ कर मध्य प्रदेश के बैतूल रेलवे स्टेशन पहुंच गए थे।
अधिकारी ने कहा कि अस्पताल के एक गार्ड ने आरपीएफ को मरीजों के भागने की जानकारी दी जिसके बाद हमारे कर्मियों ने तलाशी शुरू की। एक मरीज महिला है जिसने हाल ही में बच्चे को जन्म दिया था और बाद में उसकी जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई।
उन्होंने कहा कि सूचना मिलने पर आरपीएफ के दल ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला और खोजबीन के बाद मरीजों का पता लगाया। बाद में एंबुलेंस के जरिए सभी मरीजों को बैतूल से नागपुर के अस्पताल लाया गया।