कांग्रेस-जेडीएस के 10 विधायक मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे।
इस्तीफा देने वाले विधायक विमान से गोवा जा रहे हैं।
भाजपा नेता बीएस येदुरप्पा ने कहा- मैं और मेरी पार्टी को इससे कोई मतलब नहीं है कि दूसरी पार्टियों में क्या हो रहा है।
कर्नाटक संकट पर एच डी देवेगौड़ा ने कहा- विधायकों के इस्तीफे पर कुछ नहीं कहूंगा, मैं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकों में व्यस्त हूं।
विधायक एच विश्वनाथ ने कहा- अब तक 14 विधायकों ने इस्तीफा दिया है, हमने राज्यपाल से मुलाकात की है। स्पीकर से अनुरोध किया है कि वह हमारे इस्तीफा स्वीकार करे।
इस्तीफा देने वाले कांग्रेस-जेडीएस के विधायक राजभवन पहुंचे।
विधानसभा स्पीकर रमेश कुमार ने कहा- मैं घर गया हुआ था इसलिए ऑफिस में कह दिया था कि विधायकों का इस्तीफा रखें, 11 विधायकों ने इस्तीफा दिया है। कल रविवार है इसलिए मैं ये मामला सोमवार को देखूंगा।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, जेडीएस विधायकों बी सी पाटिल, एच विश्वनाथ, नारायण गौड़ा, शिवराम हेब्बर, महेश कुमाथली, गोपालैया, रमेश जरकिहोली और प्रताप गौड़ा पाटिल
ने स्पीकर ऑफिस में सेक्रेटरी को इस्तीफा सौंपा।
हालांकि, मंत्री डीके शिवकुमार ने दावा किया कि कोई भी विधायक इस्तीफा नहीं देगा।
स्पीकर से मिलने पहुंचे कांग्रेस और जेडीएस के छह विधायक।
मेरी उपेक्षा हुई
कांग्रेस विधायक रामलिंगा रेड्डी ने कहा, 'मैं यहां विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंपने के लिए आया हूं। मैं अपनी बेटी (कांग्रेस विधायक सौम्या रेड्डी) के बारे में नहीं जानता। वह एक स्वतंत्र महिला है। मैं पार्टी में किसी के ऊपर या हाई कमान पर कोई आरोप नहीं लगाना चाहता। मुझे लगता है कि कुछ मुद्दों पर कहीं न कहीं मेरी उपेक्षा की जा रही है। इसी कारण मैंने यह फैसला लिया है।'
कोई नहीं देगा इस्तीफा
आठ विधायकों के विधानसभा अध्यक्ष से मिलने के बाद मंत्री डीके शिवकुमार ने बंगलूरू में एक आपातकालीन बैठक बुलाई। जिसमें शामिल होने के लिए आज विधायकों और पार्षदों को बुलाया गया है। शिवकुमार ने विधायकों के संभावित इस्तीफे को लेकर कहा, 'कोई इस्तीफा नहीं देगा। मैं उनसे मिलने के लिए आया हूं।'
लोगों के साथ हुआ अन्याय
कांग्रेस विधायक बीसी पाटिल ने विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय से बाहर जाते हुए कहा, 'मेरे निर्वाचन क्षेत्र के साथ अन्याय हुआ है। उत्तरी कर्नाटक के लोगों के साथ अन्याय हुआ है।'
गठबंधन को जनता ने नकारा
भाजपा सांसद जीवीएल नरसिम्हा राव ने कहा, 'कांग्रेस जेडीएस गठबंधन को कर्नाटक के लोग नकार चुके हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान उनके गठबंधन के बावजूद भाजपा को यहां मजबूत जनाधार मिला है। यह साफ तौर पर लोगों का रुख बताता है। विधायक निश्चित रूप से गठबंधन के खिलाफ जनता के गुस्से का खामियाजा भुगत रहे हैं।'
दो विधायक दे चुके हैं इस्तीफा
इससे पहले बेल्लारी जिले के विजयनगर से कांग्रेस विधायक आनंद सिंह और रमेश जरकीहोली ने अपनी विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दिया था। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को अपना त्यागपत्र सौंप दिया था। जिसके बाद कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धारमैया ने बंगलूरू में अपने आवास पर बैठक बुलाई थी।
अमेरिका में हैं कुमारस्वामी
विधायकों ने यह कदम ऐसे समय पर उठाया है जब राज्य के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी अमेरिका में हैं और वह आठ जुलाई को राज्य वापस लौंटेंगे। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा साफ कर चुके हैं कि उन्हें भाजपा नेतृत्व ने ऑपरेशन लोटस में शामिल न होने का निर्देश दिया है क्योंकि उनका मानना है कि गठबंधन सरकार खुद ही गिर जाएगी।