केंद्र सरकार ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में पांच अतिरिक्त जजों को स्थायी न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति को अधिसूचित कर दिया है। साथ ही तीन हाईकोर्ट से तीन जजों का तबादला भी किया गया है। इस संबंध में सोमवार को कानून एवं न्याय मंत्रालय ने अधिसूचना जारी की।
अधिसूचना में कहा गया है कि संविधान में प्रदत्त अपनी शक्ति का प्रयोग करते हुए राष्ट्रपति ने भारत के मुख्य न्यायाधीश से परामर्श के बाद इलाहाबाद हाईकोर्ट में अतिरिक्त न्यायाधीश जस्टिस सौरभ श्रीवास्तव, जस्टिस ओम प्रकाश शुक्ल, जस्टिस मोहम्मद अजहर हुसैन इदरिसी, ज्योत्सना शर्मा और सुरेंद्र सिंह-प्रथम को उसी अदालत में स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किया है। इन अतिरिक्त जजों को स्थायी जज बनाने के लिए हाल ही में सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने सिफारिश की थी।
मंत्रालय की तरफ से जारी एक अन्य अधिसूचना के अनुसार, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के जस्टिस सुजय पॉल और कलकत्ता हाईकोर्ट की जस्टिस मौसमी भट्टाचार्य का तबादला तेलंगाना हाईकोर्ट किया गया है। इसी तरह केरल हाईकोर्ट की जस्टिस अनु शिवरामन का तबादला कर्नाटक हाईकोर्ट में किया गया है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने इन न्यायाधीशों के तबादले की सिफारिश की थी।