पीएम आवास में लगी आग पर काबू पाया गया
- फोटो : ANI
प्रधानमंत्री आवास की सुरक्षा में तैनात एसपीजी के रिसेप्शन में सोमवार शाम को आग लग गई। आग लगने से सुरक्षा एजेंसियां व स्थानीय प्रशासन अलर्ट हो गया। शुरुआत में ये बात फैल गई थी कि आग प्रधानमंत्री आवास में लगी है, लेकिन प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर स्पष्ट किया कि आग आवास में नहीं, बल्कि एसपीजी के रिसेप्शन में लगी है। चाणक्यपुरी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दमकल विभाग के अनुसार, पीएम आवास के एसपीजी रिसेप्शन के गेट पर आग लगने की सूचना शाम 7.25 बजे मिली थी। मामला प्रधानमंत्री आवास का था, इसलिए मौके पर दमकल विभाग की 9 गाड़ियां भेजी गई थीं। दिल्ली पुलिस के बड़े अधिकारी समेत स्थानीय प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया था। सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट हो गई थीं। 7 रेसकोर्स स्थित पीएम आवास के मार्गों को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया था।
कुछ ही देर में ये बात फैल गई कि प्रधानमंत्री आवास में आग लग गई है, लेकिन प्रधानमंत्री कार्यालय ने फौरन ट्वीट कर स्पष्ट किया कि आग आवास में नहीं, बल्कि सुरक्षा में तैनात एसपीजी के रिसेप्शन में रखी यूपीएस की बैट्री में लगी है। हालांकि आग पर एसपीजी के जवानों ने काबू पा लिया था। जब पता लगा कि आग रिसेप्शन में लगी है तो सुरक्षा एजेंसियों ने भी राहत की सांस ली।