कोलकाता के पॉश पार्क स्ट्रीट इलाके में सोमवार को एक बहुमंजिला इमारत की पांचवीं मंजिल पर आग लग गई। इस इमारत में कई कॉर्पोरेट कार्यालय हैं। एक दमकल अधिकारी ने बताया कि बहुमंजिला इमारत की पांचवीं मंजिल पर सुबह करीब 11.10 बजे लगी आग में किसी के भी घायल होने की खबर नहीं है। इस इमारत का नाम एपीजे हाउस है।
उन्होंने बताया, ‘‘कई दमकल गाड़ियां आग पर काबू पाने के काम में लगी हुई हैं।’’ इमारत को खाली करने का प्रयास किया जा रहा है। इस इमारत में कई कॉरपोरेट कार्यालय और एपीजे सुरेन्द्र ग्रुप का मुख्यालय है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया, ‘‘शुरूआत में, सुबह करीब 11 बजे हल्का धुंआ देखने को मिला लेकिन साढ़े ग्यारह बजे खिड़कियों से आग की लपट और धुआं बाहर निकलने लगा।’’
घटना की पुष्टि शहर के महापौर और अग्नि सेवा मंत्री सोवन चट्टोपाध्याय ने की। उन्होंने कहा, 'अभी तक आग लगने की वजह का पता नहीं चला है।'
प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, 'स्थानीय लोगों ने दमकलकर्मियों की मदद की ताकि किसी और इमारत में आग न लगे।' दमकलकर्मी यह देख रहे हैं कि कोई इमारत के अंदर फंसा हुआ तो नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग एपीजे बिल्डिंग के सर्वर रूम में सुबह 11 बजे लगी। इमारत के अंदर विभिन्न तलों पर मौजूद लोगों को तुरंत बाहर निकाला गया। एपीजे बिल्डिंग स्टीफन कोर्ट बिल्डिंग से 100 मीटर दूर है। यहां 23 मार्च, 2010 को भयंकर आग लगी थी। जिसमें 40 लोगों की मौत हुई थी।