प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मंगलवार को दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे सेट पर अचानक से धुआं देखा गया। ये धुआं बिजली के तारों से निकल रहा था। शूटिंग के दौरान इस्तेमाल हो रहे भारी भरकम उपकरणों और रोशनी के सामान के चलते पुराने तारों पर लोड ज्यादा पड़ा और इनमें शॉर्ट सर्किट से आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने सूखी लकड़ी से बने और पेंट से रंगे पुते सेट को अपनी चपेट में ले लिया। फिल्म का काफी काम चूंकि वीएफएक्स पर होना है, इसलिए वहां ऐसे दृश्यों की शूटिंग के दौरान बैकग्राउंड में इस्तेमाल होने वाला कपड़ा भी भारी मात्रा में मौजूद था, इससे भी हालात और बिगड़े।
फिल्म के सेट पर तमाम विदेशी तकनीशियन भी इस दौरान मौजूद थे। फिल्म के निर्माण से जुड़े लोगों ने पहले भी जानकारी दी थी कि फिल्म निर्देशक ओम राउत इस बार हॉलीवुड फिल्मों ‘अवतार’ और ‘स्टार वार्स’ जैसी फिल्मों के वीएफएक्स तकनीशियनों को इस फिल्म में ला रहे हैं।
ओम राउत की पिछली फिल्म ‘तानाजी’ पिछले साल की हिंदी सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म रही है। फिल्म ‘आदिपुरुष’ हाल ही में सैफ अली खान के उस बयान को लेकर लंबे समय तक चर्चा मे रही, जिसमें उन्होंने इस फिल्म में राम कथा के खलनायक राणव का मानवीय चेहरा प्रस्तुत करने की बात कही थी। सैफ अली खान फिल्म में रावण का किरदार निभा रहे हैं।