मालूम हो कि वैशाली जिले के हरिवंशपुर में चमकी बुखार से 11 बच्चों की मौत के बाद रविवार को बच्चों के परिजनों से मिलने पहुंचे लोजपा सांसद पशुपति कुमार पारस और पार्टी विधायक राजकुमार शाह को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। लोग इतने गुस्से में थे कि कोई सांसद को दरवाजे पर कुर्सी तक देने को तैयार नहीं था।
उग्र ग्रामीणों ने विधायक को बंधक बना लिया था। विधायक का हाथ पकड़ कर लोग उन दरवाजों तक ले जाने का प्रयास करते रहे जिन घरों से लोग पलायन कर चुके हैं। ग्रामीणों द्वारा बंधक बने विधायक को काफी प्रयास के बाद सुरक्षाकर्मी ने मुक्त कराया।
बीते शुक्रवार को वैशाली के हरिवंशपुर में केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान और स्थानीय विधायक के लापता होने के नारे के साथ बैनर लेकर लोगों ने प्रदर्शन किया था। बैनर में केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान और स्थानीय विधायक के लापता होने की बात लिखी था।
केंद्रीय मंत्री को ढूंढ़कर लाने वाले को 15 हजार रुपये का ईनाम देने की घोषणा की गई थी, जबकि स्थानीय विधायक को ढूंढ़कर लाने वाले को पांच हजार रुपये ईनाम की घोषणा की गई थी। इसके बाद रविवार को हाजीपुर के सांसद पशुपति कुमार पारस और लालगंज के लोजपा विधायक राजकुमार साह हरिवंशपुर पहुंचे थे।