फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो के डिलीवरी बॉय और महिला ग्राहक के बीच हाथापाई वाले मामले में अब एक नया मोड़ आ गया है। दरअसल इस मामले में अब उस महिला ग्राहक के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया गया है जिसने डिलीवरी बॉय पर मारपीट के आरोप लगाए थे। पुलिस ने धारा 355 (हमला), 504 (अपमान) और 506 (आईपीसी का आपराधिक धमकी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
बता दें कि हितेशा चंद्रानी नामक महिला ग्राहक ने ट्विटर पर घटना के बारे में बताते हुए कहा कि ऑनलाइन खाना डिलिवर (आपूर्ति) करने वाली कंपनी 'जोमैटो' के एक कर्मी ने मेरे ऊपर इसलिए हमला कर दिया क्योंकि मैंने देर से खाना लाने पर उसकी शिकायत कर दी थी। उन्होने कहा था कि कर्मी ने मेरे नाक पर मुक्का मारा जिससे खून आने लगा।
चंद्रानी ने सेल्फी वीडियो पोस्ट की थी जिनमें वह रो रही थी और उनकी नाक से खून निकल रहा था। यह वीडियो कुछ टीवी चैनलों ने भी प्रसारित किया था, लेकिन अब यह मामला नया मोड़ लेता दिखाई दे रहा है।
डिलीवरी ब्वॉय ने भी दी थी सफाई
डिलीवरी ब्वॉय ने भी सफाई देते हुए महिला ग्राहक की बातों को झूठ बताया। डिलीवरी ब्वॉय कामराज का कहना है कि महिला ने उन्हें चप्पल से मारना शुरू कर दिया था, जब इसने अपने बचाव में हाथ उठाया तो उस महिला को अपनी ही अंगूठी से नाक पर चोट लग गई। आप जांच करवाइए कि मुक्का से मारने पर नाक के ऊपर से खून नहीं बह सकता।