देश के सबसे बड़े अर्धसैनिक बल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक अधिकारी की कोविड-19 के कारण मौत हो गई, इसके बाद यहां इस बीमारी के कारण जान गंवाने वाले कर्मियों की संख्या पांच हो गई है। अधिकारियों के मुताबिक सीआरपीएफ में पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 35 नए मामले सामने आए, जिसके साथ कोरोना से संक्रमित कर्मियों की कुल संख्या 783 हो गई। इनमें से 338 मरीजों का इलाज चल रहा है जबकि 440 मरीज ठीक हो चुके हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि अधिकतर मामले कश्मीर में स्थित इकाइयों और कुछ अन्य जगहों से सामने आए हैं। सीआरपीएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘55 वर्षीय एक हेड कांस्टेबल का सोमवार को हरियाणा के झज्जर स्थित एम्स में निधन हो गया, वे 5वीं बटालियन में तैनात थे।'
सभी अर्धसैनिक बलों या केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) में यह 16वीं मौत है। कोविड-19 के कारण केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में पांच मौतें, सीमा सुरक्षा बल में तीन मौतें, सशस्त्र सीमा बल में दो मौतें और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस में एक मौत हुई हैं।