कोलकाता की मस्जिद के इमाम ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर नोटबंदी के जरिये लोगों को बेवकूफ बनाने का आरोप लगाते हुए फतवा जारी कर दिया। भाजपा में इस फतवे को लेकर आक्रोश है और इमाम की गिरफ्तारी की मांग तेज हो गई है।
कोलकाता की टीपू सुल्तान मस्जिद के शाही इमाम सैयद मोहम्मद नुरूर रहमान बरकती ने कहा, ‘नोटबंदी के कारण हर रोज लोगों को प्रताड़ित होना पड़ रहा है और समस्याएं झेलनी पड़ रही हैं। मोदी नोटबंदी के नाम पर समाज और देश की भोली-भाली जनता को बेवकूफ बना रहे हैं। अब कोई उन्हें प्रधानमंत्री बनाना नहीं चाहता।’ उन्होंने यह बात ऑल इंडिया मजलिस-ए-सुरा और ऑल इंडिया मायनॉरिटी फोरम के संयुक्त सम्मेलन में कही।
इमाम के इस फतवे की निंदा करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सिद्धार्थ नाथ सिंह ने दिल्ली में कहा, ‘हम ममता बनर्जी से मांग करते हैं कि इमाम को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। हमारे प्रधानमंत्री के खिलाफ यह फतवा अत्यंत निंदनीय है। वह जब फतवा जारी कर रहे थे तो तृणमूल के सांसद इदरीस अली भी उनके साथ बैठे हुए थे।’