केरल के तिरूवल्लम के पचल्लूर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने नामकरण संस्कार के कुछ ही घंटे बाद अपनी बेटी को नदी में फेंक दिया जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है । पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार सुबह बच्ची का शव बरामद कर लिया गया। जानकारी के अनुसार बच्ची का नामकरण संस्कार गुरुवार की सुबह किया गया था । उन्होंने बताया कि बच्ची के पिता उन्नीकृष्णन (26) को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है । वह बिजली का काम करते हैं ।
पुलिस ने बताया कि बच्ची के माता पिता के बीच कोई विवाद था । महिला के रिश्तेदारों ने बताया कि आरोपी पिता महिला पर इस बात के लिए दबाव बना रहा था कि शाम में वह बच्ची को अपनी मां के पास ले जाएगा । इसके बाद बच्ची की मां राजी हो गई और बच्ची को पिता के साथ जाने दिया। उन्होंने बताया कि जब वह व्यक्ति कुछ समय बाद नहीं लौटा तो मां ने इस बारे में थाने में शिकायत दर्ज करवाई ।
कुछ लोगों ने आरोपी को नदी के निकट घूमते देखा, इसके बाद पुलिस ने तलाश अभियान चलाया और शुक्रवार सुबह बच्ची का शव बरामद कर लिया गया ।