जम्मू-कश्मीर बॉर्डर पर पाकिस्तान की तरफ से लगातार सीजफायर का उल्लंघन और हमले किए जा रहे हैं जिसमें भारतीय सेना के जवान और स्थानीय नागरिकों के घायल होने या फिर मारे जाने के मामले भी सामने आते हैं। एक तरफ जहां जनता में पाकिस्तान द्वारा की जा रही इस नापाक हरकत के लिए गुस्सा है वहीं जम्मू और कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला की राय इससे उलट है।
अब्दुल्ला ने कहा कि क्या केवल वही (पाकिस्तान) फायरिंग कर रहे हैं? हम भी फायरिंग कर रहे हैं। दोनों पक्ष ऐसा कर रहे हैं। इसकी वजह से लोगों का विनाश हो रहा है। इससे युद्ध जैसी परिस्थितियां पैदा हो रही हैं। युद्ध कभी किसी चीज का समाधान नहीं होता है। इसका समाधान केवल बातचीत है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली यानि मोदी सरकार से बातचीत के लिए पहल करने को कहा है। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब दो दिन पहले पाकिस्तानी गोलीबारी में हमारे चार जवान शहीद हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि लोग मर रहे हैं, दोनों तरफ के जवान मर रहे हैं। यह कब तक जारी रहेगा? उन्होंने सद्भाव की बात करते हुए कहा कि युद्ध होने पर दोनों देशों की सीमाओं के केवल गरीब लोग मारे जाएंगे।