महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के किसान चांद शेख ने सूखा प्रभावित किसानों के लिए घोषित 5,000 रुपये की अंतरिम सहायता को अपर्याप्त बताते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को इतनी ही रकम का मनी ऑर्डर भेजा।
महाराष्ट्र सरकार की ओर से सूखा प्रभावित किसानों के लिए घोषित 'बहुत कम' अंतरिम आर्थिक सहायता से नाराज, धाराशिव जिले के एक सोयाबीन किसान ने विरोध जताने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को 5,000 रुपये का मनी ऑर्डर भेजा है।
विज्ञापन
सीएम फडणवीस ने क्या कहा?
फडणवीस ने बुधवार को घोषणा की कि दिवाली से पहले किसानों के बैंक खातों में सीधे 5,000 रुपये की शुरुआती राहत राशि जमा की जाएगी। यह कदम तब उठाया गया है जब महाराष्ट्र के 85 प्रतिशत से अधिक तालुकों को सूखा प्रभावित घोषित कर दिया गया है।
राज्य सरकार ने सूखा प्रभावित सूची में 40 और तालुकों को शामिल किया है, जिससे महाराष्ट्र में प्रभावित उप-मंडलों की कुल संख्या 358 में से 305 हो गई है। फडणवीस ने कहा था कि किसानों को 5,000 रुपये देने का फैसला आगामी त्योहार से पहले तत्काल मदद पहुंचाने के लिए लिया गया है, क्योंकि पूरी प्रशासनिक जांच और केंद्र सरकार की मूल्यांकन प्रक्रिया में समय लगता है और दिवाली से पहले कानूनी तौर पर इसे पूरा नहीं किया जा सकता।
विज्ञापन
किसान ने क्या कहा?
सुरदी डाकघर के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए किसान चांद शेख ने बताया, 'मैंने अपने खेत के 1.5 एकड़ हिस्से में सोयाबीन की फसल उगाई थी। इसमें मेरे 25,000 रुपये खर्च हुए और मुझे 60 किलो उपज मिली। मैं केवल 3,900 रुपये ही कमा सका। मनी ऑर्डर भेजने के लिए मैंने अपने दोस्त से 1,100 रुपये उधार लिए।' किसान के दोस्त होने का दावा करने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि उसने शेख को 1,100 रुपये उधार दिए थे।