दिल्ली बॉर्डर के पास चल रहे किसान आंदोलन को लेकर ऊहापोह की स्थिति है, केंद्र सरकार के रणनीतिकार भी कोई रास्ता नहीं निकाल पा रहे हैं। ऐसे में वहां डटे किसान संगठनों के नेताओं से बात कीजिए तो वह रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पर सभी केंद्रीय मंत्रियों से ज्यादा भरोसा करते नजर आते हैं। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के प्रति भी उनकी सहानुभूति है, लेकिन उनकी बड़ी नाराजगी किसान आंदोलन को बदनाम करने वाले भाजपा के नेताओं से है। किसान नेता हरेन्द्र सिंह लखूवाल, वीएम सिंह, किसान मामलों के जानकार चौधरी पुष्पेन्द्र सिंह समेत तमाम नेताओं का कहना है कि सरकार किसानों को उनका हक देने के बजाय इसे नाक का सवाल बना रही है। सरकार बातचीत का दिखावा कर रही है, लेकिन खुले मन से बातचीत नहीं कर रही है।
पुष्पेन्द्र सिंह और वीएम सिंह का कहना है कि किसान एमएसपी पर खरीद की गारंटी मांग रहा है। किसान चाहता है कि उसकी उपज को सरकार, निजी कंपनियां या आढ़ती कोई भी केवल सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर ही खरीदे। न्यूनतम समर्थन मूल्य स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश के आधार पर लागू हो। पुष्पेन्द्र सिंह कहते हैं कि भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में इसका वादा किया था और प्रधानमंत्री ने भी चुनाव प्रचार में किसानों को यह भरोसा दिया था, लेकिन सरकार एमएसपी पर खरीद को जारी रखने की बात कहकर लोगों को बरगलाने में लगी है।
किसानों को आंकने में चूक गए सरकार के रणनीतिकार
केंद्र सरकार के अधिकारियों की बात करें तो कृषि मंत्रालय के एक बड़े अधिकारी को सिंघु बार्डर पर किसानों के आंदोलन प्रबंधन पर ताज्जुब हो रहा है। बड़े अधिकारियों को लग रहा था कि किसान दिल्ली की कड़ाके की ठंड में इतनी बड़ी तादाद में लंबे समय तक नहीं टिक पाएंगे। उन्हें हारकर वापस लौटना पड़ेगा।
फसल की बुआई करके आए हैं किसान
इसके उलट किसानों के हौसले काफी बुलंद हैं। पंजाब से दिल्ली के बॉर्डर तक पहुंचे किसानों के पास लंबे समय तक आंदोलन चलाने के लिए सारा इंतजाम है। वह गेहूं की बुआई करके आए हैं। धान की उपज व्यवस्थित करके मैदान में डटे हैं। उनके पास ठंड से निबटने के लिए लकड़ी, कोयले वाला गीजर, रोशनी के लिए सोलर पैनल, गरम रखने के लिए कंबल, टेंट, खाना बनाने, खाने, लंगर चलाते रहने के लिए पूरा व्यवस्थित इंतजाम है। एक बड़े किसान नेता का कहना है कि वह जब विज्ञान भवन में अपनी बातें रख रहे थे, तो सरकार के अफसर ध्यान से सुन रहे थे। सूत्र का कहना है कि सरकार के अफसरों को पता चल गया है कि हम किसान उनके तीनों कानूनों की बारीकियों को समझते हैं।
सरकार को हमारे हौसले का अंदाजा होना चाहिए : लखूवाल
किसान हरेन्द्र सिंह लखूवाल का हौसला देखते ही बनता है। परमजीत सिंह कहते हैं कि सरकार किसानों के आंदोलन को तोड़ने में लगी है। हर दिन केंद्र सरकार के कृषि मंत्री तीनों कानूनों को समर्थन देने वाले कई किसान अनुयाइयों से मिल रहे हैं। मनिंदर सिंह बीच में टोकते हुए कहते हैं कि अगर केंद्र सरकार के पास इतना ही समय और संवेदनशीलता हम किसानों के लिए होती, तो समस्या का समाधान निकल आता।
दिल्ली के हरजिंदर सिंह किसानों को समर्थन देने के लिए पहुंचे हैं। उनका कहना है कि केंद्र सरकार को किसानों के हौसले का अंदाजा होना चाहिए। उसे समझना चाहिए कि किसान मांग नहीं बल्कि अपना दर्द लेकर आए हैं और इसे भाजपा राजनीति से प्रेरित, आढ़तियों, बिचौलियों का आंदोलन बता रही है। इससे लग रहा है कि केंद्र सरकार किसानों के मुद्दे को लेकर गंभीर नहीं है।
किसान नेता वीएम सिंह जैसे नेताओं को पंजाब के किसानों ने सिंघु बॉर्डर से लौटा दिया था। वह गाजीपुर बॉर्डर पर आ डटे हैं। भाकियू के किसान नेताओं को खुलकर पंजाब के किसानों के साथ आना पड़ा। गुरुदासपुर के किसान नेता का कहना है कि हमें कोई चिंता नहीं है। धीरे-धीरे आंदोलन देश में फैल रहा है और किसान के हर शुभचिंतक को हमारे साथ आना ही होगा।