महाराष्ट्र के लातूर जिले के बांबली गांव (देवनी तहसील) से बेहद दर्दनाक तस्वीर सामने आई है। यहां आकाशीय बिजली गिरने से बैल की मौत के बाद आर्थिक तंगी से जूझ रहे किसान दंपती खुद हल खींचने को मजबूर हैं। पीड़ित किसान काशीनाथ गायकवाड़ और उनकी पत्नी हौसाबाई के पास नया बैल खरीदने के पैसे नहीं हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में हौसाबाई अपने कंधे पर हल का एक सिरा रखकर बचे हुए दूसरे बैल और पति के साथ खेत जोतती नजर आ रही हैं।
वीडियो में हौसाबाई ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि शुक्रवार को बिजली गिरने से हमने एक बैल की मौत हो गई। दूसरा बैल नहीं होने के कारण हम दोनों हल खींच रहे हैं। घटना के बाद प्रशासन ने दौरा तो किया, लेकिन हमें अब तक कोई सहायता नहीं मिली है। अब मुझे थकान और कमजोरी महसूस हो रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नया हल खरीदने के लिए पैसे न होने के कारण उन्हें हल चलाने के लिए मजबूर होना पड़ा। यह दंपति लातूर जिले की देवनी तहसील के निवासी हैं।
सरकार किसानों का पूरा कर्ज माफ करे
राकांपा (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस वायरल वीडियो को पोस्ट करते हुए सरकार से महाराष्ट्र के किसानों के लिए पूर्ण कर्ज माफी की मांग की। पवार ने इसे अत्यंत दुखद और दर्दनाक बताते हुए कहा कि जो किसान देश का पेट भरने के लिए रात-दिन मेहनत करता है, उसके परिवार को आज जानवर की जगह लेने पर मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों और मंत्रियों से इस पर तुरंत संज्ञान लेने की मांग की है। इस मामले पर टिप्पणी के लिए लातूर के कलेक्टर भारत बास्टेवाड से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।