महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में भारी बारिश से फसल को हुए नुकसान के चलते 30 वर्षीय एक किसान ने खुदकुशी कर ली। पुलिस का कहना है कि यह घटना शुक्रवार सुबह ओमेरगा तहसील में काडेर गांव में घटी। ओमेरेगा पुलिस थाने के एसके शेख ने बताया कि रिश्तेदारों के अनुसार, शिवाजी जाधव ने तड़के एक पेड़ से लटक कर फांसी लगा ली। घटनास्थल एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें कहा गया है कि भारी बारिश में सोयाबीन की फसल बर्बाद होने की वजह से यह प्राणघातक कदम उठाना पड़ रहा है। मृतक अविवाहित था। पिछले हफ्ते पुणे, औरंगाबाद और कोंकण इलाकों में हुई भारी बारिश और बाढ़ में कई लोगों की मौत हो गई और लाखों हेक्टेयर पर खड़ी फसल बर्बाद हो गई।