ओडिशा में तबाही मचाने के बाद अब फैनी तूफान का खतरा पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ गया है। खड़गपुर को पार करके पश्चिम बंगाल पहुंचे तूफान ने तेज हवाओं के साथ दस्तक दे दी है। यहां 90 किमी प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवाएं चल रही हैं।
चक्रवाती तूफान ‘फैनी’ ने शुक्रवार को भारी बारिश और 175 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ ओडिशा के तटीय इलाकों में दस्तक दी। तूफान के कारण आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि सैकड़ों लोग घायल हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार सुबह 8 बजे ‘फैनी’ धर्म नगरी पुरी के तट से टकराया और आसपास के इलाकों में हवा की रफ्तार 200 किमी प्रति घंटे से भी ज्यादा पहुंच गई। राज्य प्रशासन ने तूफान की आशंका के कारण दो दिनों में लगभग 10 हजार गांवों और 52 नगरों से लगभग 11 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।