अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा को अपने हाथ का खाना खिलाने वाले मशहूर शेफ जिग्स कालरा का 72 साल की उम्र में निधन हो गया है। वो फूड राइटर से मशहूर हुए थे। उनके निधन से नए जायकों का आनंद लेने वाले काफी उदास हैं। कालरा की सबसे खास बात ये थी कि उन्होंने शेफ का कोई कोर्स नहीं किया था।
कालरा ने फूड राइटर रहते हुए दुनियाभर के शेफ से घनिष्ठता कर दर्जनों डिशेज की रेस्पी मालूम की थी। इन्हें फिर वो अपने स्तर पर प्रयोग करते थे। फूड राइटर और शेफ के बाद वो आईटीसी समूह के होटल मौर्या, द ओबरॉय और द पार्क होटल के नए खुलने वाले रेस्तरां के मैन्यू तय करने लगे थे।
कालरा को बड़े होटल अपने साथ इसलिए जोड़ लेते थे क्योंकि वह ग्राहकों की नब्ज को पहचानते थे। ओबामा साल 2015 में राजधानी दिल्ली आने पर मौर्या शेरटन में ठहरे थे। उस वक्त ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल को क्या सौंपा जाएगा, ये भी कालरा ने ही तय किया था। कहा जाता है कि ओबामा दंपती मौर्या की फूड की क्वॉलिटी से गदगद हुए थे।
एक इंटीरियर डेकोरेशन फर्म के संदीप गर्ग बताते हैं कि कालरा ऐसे शेफ थे जो अपने ग्राहकों के पास जरूर आते थे और उनसे फीडबैक लेते थे। वे दुनियाभर में खाने से जुड़े मसलों पर लिखी जा रही किताबों को पढ़ते थे इसलिए उन्हें भारतीय खाने के साथ-साथ कांटिनेंटल, थाई, चाइनीज वगैरह फूड की भी गहरी समझ थी। उन्होंने पंजाब ग्रिल, मेड इन पंजाब और मसाला लाइब्रेरी नाम से अपने रेस्तरां भी खोले। जिसे दिल्ली वाले खूब पंसद करते हैं।