विमानन कंपनी एयर इंडिया में भर्ती के लिए फर्जी विज्ञापन का मामला सामने आया है। एक विज्ञा दिया गया है जिसमें कहा गया है कि एयरलाइन में कुल 120 पद खाली हैं, जिसके लिए आवेदक को जीएसटी के साथ 9,800 रुपये जमा कराने होंगे।
एयर इंडिया के एक अधिकारी ने कहा कि ये विज्ञापन फर्जी है। हमने इस तरह का कोई विज्ञापन नहीं दिया है। हम इसको लेकर जल्द ही एफआईआर दर्ज कराएंगे। दरअसल, इस फर्जी विज्ञापन के बारे में तब पता चला जब एक व्यक्ति ने विज्ञापन सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए एयर इंडिया से पूछा कि क्या कंपनी सच में भर्तियां करने जा रही है।
एयरलाइन के एक अधिकारी ने कहा, भर्ती के लिए दो पन्नों का फर्जी विज्ञापन बुधवार को प्रकाश में आया। इसमें आवेदक को रोहन वर्मा नाम के एक व्यक्ति से संपर्क करने और 9,800 रुपये का 'रिफंडेबल सिक्यॉरिटी अमाउंट' तथा जीएसटी जमा करने के लिए कहा गया था। विज्ञापन में फर्जी पता, एयर इंडिया बिल्डिंग, अकोला, सांताक्रूज ईस्ट, मुंबई, महाराष्ट्र 40007 दिया गया था।
एयरलाइन के ही एक अन्य अधिकारी ने कहा, अकोला में हमारी कोई बिल्डिंग नहीं है। अधिकारी ने कहा, इस तरह का फर्जीवाड़ा चलाने वाले लोगों के खिलाफ हम जल्द ही एक प्राथमिकी दर्ज कराने जा रहे हैं।