-
पहले जानिए क्या हुआ था?
संसद पर 2001 में किए गए आतंकी हमले की बरसी के दिन बुधवार को सुरक्षा में सेंधमारी की बड़ी घटना सामने आई थी। दोपहर करीब एक बजे जब लोकसभा की कार्यवाही चल रही थी, तब दर्शक दीर्घा से दो लोग सदन के अंदर कूद गए और सांसदों की बैठने की जगह पर दौड़ते नजर आए। इस दौरान उन्होंने अपने जूते में छिपाकर लाए ‘केन’ के जरिए पीले रंग का धुआं भी स्प्रे किया। घटना के तत्काल बाद दोनों को पकड़ लिया गया। इस घटना के कुछ देर बाद ही पीले और लाल रंग का धुआं छोड़ने वाली 'केन' लेकर संसद भवन के बाहर प्रदर्शन करने वाले एक पुरुष और एक महिला को भी गिरफ्तार किया गया।
-
अब आरोपियों के बारे में जानिए
सदन में कूदने वाले दोनों आरोपियों की पहचान सागर शर्मा और मनोरंजन डी. के रूप में हुई। संसद भवन के बाहर से गिरफ्तार किए गए दो लोगों की पहचान हरियाणा के जींद जिले के गांव घासो खुर्द की निवासी नीलम (42) और लातूर (महाराष्ट्र) के निवासी अमोल शिंदे (25) के रूप में हुई है। चारों आरोपी संसद पहुंचने से पहले अपने सहयोगी विशाल के घर पर ठहरे थे। पुलिस ने विशाल को भी गुरुगाम से हिरासत में लिया था। पुलिस ने मामले के मास्टरमाइंड की पहचान बिहार के रहने वाले और कोलकाता में नौकरी करने वाले ललित झा के रूप में की।
-
अब जानते हैं पूरा घटनाक्रम
2022 में ललित झा, सागर शर्मा (26) और मनोरंजन डी (34) मैसूरु में मिले। उन्होंने देश का ध्यान खींचने के लिए संसद में घुसने की साजिश रची। बाद में नीलम और अमोल इसमें शामिल हो गए। सभी करीब चार साल से सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के संपर्क में थे। इसके बाद पांचों फेसबुक पर भगत सिंह फैन पेज से जुड़े।
-
जुलाई 2023
कथित मुख्य साजिशकर्ता ललित झा के कहने पर मनोरंजन ने इस साल जुलाई में मानसून सत्र के दौरान संसद भवन की रेकी की। उसने पाया कि जो लोग संसद भवन आते हैं, उनके जूतों की जांच नहीं की जा रही।
-
10 दिसंबर 2023
पांचों रविवार को गुरुग्राम निवासी विशाल शर्मा के घर पर एकत्र हुए और मंगलवार तक वहीं रहे।
-
13 दिसंबर 2023
सुबह पांचों संसद भवन के लिए रवाना हुए। मनोरंजन ने मैसूर-कोडागु के सांसद प्रताप सिम्हा के जरिए पास हासिल किया। सागर और मनोरंजन नए संसद भवन में प्रवेश कर दर्शक दीर्घा तक पहुंचे।
-
13 दिसंबर 2023, करीब दोपहर एक बजे
सागर दर्शक दीर्घा से लोकसभा कक्ष में कूद गया। मनोरंजन ने भी कूदने की कोशिश की और उसे दर्शक दीर्घा की रेलिंग से लटकते हुए देखा गया। उन्होंने अपने जूतों में छिपाकर रखे गए ‘केन’ के जरिए पीले रंग का धुआं फैला दिया। इसके बाद सदन में सांसदों ने उन्हें पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। आरोपियों को सुरक्षाकर्मियों को सौंप दिया गया।
-
करीब दोपहर एक बजे ही बाहर भी बवाल
संसद भवन के बाहर नीलम और अमोल ने ‘केन’ से पीले और लाल रंग का धुआं छोड़ा। दोनों ने नारे भी लगाए। उनके साथ मौजूद ललित ने एक वीडियो शूट किया, जिसे बाद में इंस्टाग्राम पर साझा किया गया। नीलम और अमोल को पुलिसकर्मियों ने पकड़ लिया, जबकि ललित उन्हें चकमा देने में कामयाब रहा। जांच दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को सौंपी गई। विशाल और उसकी पत्नी को भी पुलिस ने गुरुग्राम से हिरासत में ले लिया।
-
कई घंटे तक पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया
सागर, मनोरंजन, नीलम और अमोल को दिल्ली पुलिस ने कई घंटे तक पूछताछ करने के बाद गिरफ्तार कर लिया। इन सभी के खिलाफ आतंकवाद रोधी कानून गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
-
आरोपियों को अदालत में पेश किया गया
आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। कोर्ट से 15 दिन की हिरासत मांगी गई, लेकिन अदालत ने सात दिन की हिरासत ही मंजूर की।
-
14 दिसंबर 2023
फरार ललित ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर स्पेशल सेल को सौंप दिया गया।