चुनाव आयोग युवाओं की पसंदीदा जगह फेसबुक के जरिये अब उसे साधने की कोशिश में जुटा है। जिन मतदाताओं, खासकर युवा वोटरों का अभी पंजीकरण नहीं हुआ है, ऐसे लोगों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए आयोग ने सोशल मीडिया का सहारा लेने का निश्चय किया है।
आयोग 1 जुलाई से मतदाता बनने की सभी शर्तें पूरी करने वालों को फेसबुक ‘वोटर रजिस्ट्रेशन रिमांइडर’ के नाम से संदेश भेजेगा। इसके लिए फेसबुक ने अपनी वेबसाइट पर ‘रजिस्टर नाऊ’ के नाम से एक बटन बनाया है। इसे क्लिक करके नए मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं।
चुनाव आयोग ने बुधवार को फेसबुक के जरिये नया कार्यक्रम शुरू किया। एक बयान में मुख्य चुनाव आयुक्त नसीम जैदी ने लोगों से अपील की कि आयोग उन सभी लोगों को मतदाता के रूप में पंजीकृत करने का विशेष अभियान शुरू कर रहा है, जो वोटर छूट गए हैं, अपना नाम दर्ज इसके जरिये दर्ज करवाएं।
पहली बार मतदाता बनने जा रहे लोगों खासकर युवाओं को फेसबुक से जोड़ा जाएगा। चुनाव आयोग की ओर से पंजीकरण करवाने का संदेश अंग्रेजी, हिंदी, गुजराती, तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़, पंजाबी, बांग्ला, उर्दू, असमी, मराठी और उड़िया सहित 13 भाषाओं में पेश किया जाएगा।