बेंगलुरु के भसवेश्वरनगर में फेसबुक पर हुई कॉमेंटबाजी खूनी खेल तक पहुंच गई। एक लड़की को लेकर लड़कों के दो समूहों ने पहले एक-दूसरे की वॉल पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। बेंगलुरु मिरर की खबर के मुताबिक, फेसबुक की यह कहासुनी धमकियों में बदली और वर्चुअल प्लेटफॉर्म पर शुरू हुई लड़ाई मैदान तक आ पहुची जहां लड़कों के बीच जमकर लात-घूंसे और चाकू चले।
दरअसल, अजित कुमार नाम के एक कोरियाग्राफर के एक लड़की के साथ घूमने फिरने पर कुछ लड़कों ने आपत्ति जताई। एक डांस स्टूडियो में काम करने वाला 20 साल का अजित अपनी क्लासमेट के साथ घूमता-फिरता था। उनके रिलेशनशिप जब एक दूसरे ग्रुप को रास नहीं आई तो उन्होंने अजित की फेसबुक वॉल पर चेतावनी लिखी और आगे से लड़की से न मिलने के लिए कहा। चेतावनी देने वाले लड़के लड़की के मोहल्ले में रहते हैं। लड़के के इस ग्रुप के लीडर शिव प्रसाद है। इस चेतावनी पर डांसर अजित ने लड़कों पर पलटवार किया और धमकी दे डाली कि अगर उनमें हिम्मत है तो मुझे बताए कि कहां मिलना है। अजित ने अपना मोबाइल नंबर पर पोस्ट किया। दोनों समूह इसके बाद तय स्थान पर जमा हुए।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, 'डांसर ने मैसेज को गंभीरता से लिया और प्रसाद को मिलकर बात करने का चैलेंज दिया। अजित अपने चार दोस्तों के साथ पहुंचा तो प्रसाद ने लड़के लेकर पहुंच गया। दोनों समूहों ने एक-दूसरे के साथ जमकर मारपीट की और धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया।'
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। दोनों ही पक्षों के घायल लोग अस्पताल में भर्ती हैं।