फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MEA: 'पाकिस्तान के साथ सामान्य संबंध चाहते हैं लेकिन...'; वार्ता के लिए शरीफ के आग्रह पर भारत ने साफ किया रुख

Thu, 03 Aug 2023 06:59 PM IST
शिव शरण शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने ब्रिक्स देशों के समूह के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए जोहानिसबर्ग की यात्रा करेंगे। ब्रिक्स के वर्तमान पांच सदस्य ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका 22 से 24 अगस्त को वहां एकत्र होंगे। शिखर सम्मेलन में चीन और रूस संगठन के विस्तार पर चर्चा करने के इच्छुक हैं जिसका उद्देश्य वैश्विक मामलों में अमेरिका के नेतृत्व वाले पश्चिम के कथित प्रभुत्व को कम करना है। 
विज्ञापन
अरिंदम बागची - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आर्थिक बदहाली झेल रहे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शऱीफ के भारत के साथ वार्ता और सामान्य संबंधों को लेकर की गई अपील पर भारत ने अपना रुख साफ किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने इस मुद्दे पर रुख साफ करते हुए कहा कि  भारत पाकिस्तान के साथ किसी भी पड़ोसी की तरह सामान्य, शांतिपूर्ण संबंध चाहता है। हमने रिपोर्टें देखी हैं। इससे पहले, बुधवार को भारत के साथ वार्ता को लेकर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि वे भारत के साथ सभी लंबित मुद्दों पर वार्ता करना चाहते हैं। भारत के साथ पाकिस्तान ने तीन युद्ध लड़े, जिनसे कोई नतीजा नहीं निकला, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को धक्का लगा और गरीबी बढ़ी। दोनों ही देश परमाणु ताकत हैं, ऐसे में युद्ध कोई विकल्प नहीं है।

विज्ञापन


बागची ने कहा, पाकिस्तानी प्रधानमंत्री की भारत से बातचीत की इच्छा के संबंध में रिपोर्टें देखी हैं। इस संबंध में भारत की नीति और स्थिति स्पष्ट, सुसंगत और सर्वविदित है। हम पाकिस्तान सहित अपने सभी पड़ोसी देशों के साथ सामान्य संबंध चाहते हैं। इसके लिए आतंक और शत्रुता से मुक्त वातावरण जरूरी है। उन्होंने कहा, अगर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री वाकई बातचीत की इच्छा रखते हैं, तो पहले आतंक पर लगाम लगाएं।

इन मुद्दों पर भी बोले बागची
बृहस्पतिवार को विदेश मंत्रालय की साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बच्ची अरिहा शाह के मामले और हरियाणा में हुई घटना को  लेकर अमेरिकी विदेश विभाग की टिप्पणी के साथ ही राजस्थान की अंजू के पाकिस्तान जाने और पाकिस्तान की सीमा हैदर के भारत आने के मामले में भी प्रतिक्रिया दी है। 
विज्ञापन


BRICS पर भारत का रुख किया साफ
इस दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने BRICS पर भारत की स्थिति भी साफ की। उन्होंने कहा कि हमने पहले भी अपनी स्थिति स्पष्ट की है। BRICS सदस्य आंतरिक रूप से BRICS विस्तार के लिए मार्गदर्शक सिद्धांतों, मानकों, मानदंडों और प्रक्रियाओं पर चर्चा कर रहे हैं। यह बिल्कुल सच नहीं है कि भारत को विस्तार को लेकर कुछ आपत्तियां हैं। 

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने दक्षिण अफ्रीका जाएंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने ब्रिक्स देशों के समूह के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए जोहानिसबर्ग की यात्रा करेंगे। ब्रिक्स के वर्तमान पांच सदस्य ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका 22 से 24 अगस्त को वहां एकत्र होंगे। शिखर सम्मेलन में चीन और रूस संगठन के विस्तार पर चर्चा करने के इच्छुक हैं जिसका उद्देश्य वैश्विक मामलों में अमेरिका के नेतृत्व वाले पश्चिम के कथित प्रभुत्व को कम करना है। 

केंद्र सरकार ने कहा कि पीएम मोदी ने गुरुवार को दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा से फोन पर बात की। रामफोसा ने कहा कि वह इस साल के अंत में जी20 शिखर सम्मेलन के लिए भारत आने के इच्छुक हैं। भारत जी20 समूह की अध्यक्षता कर रहा है और सितंबर की शुरुआत में सदस्य देशों के शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा।

मोदी ने ट्वीट किया कि राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा से बात करके खुशी हुई। हम अपने राजनयिक संबंधों की 30वीं वर्षगांठ मना रहे हैं और द्विपक्षीय सहयोग में प्रगति की समीक्षा की। इस महीने के अंत में जोहानिसबर्ग में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए उत्सुक हूं।

बच्ची अरिहा शाह के मामले पर कही यह बात
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बच्ची अरिहा शाह के मामले पर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हम इस मामले को उच्च प्राथमिकता के आधार पर देख रहे हैं। हमने इस संबंध में इस सप्ताह जर्मन राजदूत को बुलाया है। हमने जर्मन अधिकारियों से बच्ची को जल्द से जल्द वापस लाने के लिए कहा है। हम जर्मन अधिकारियों के संपर्क में हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, इस सप्ताह की शुरुआत में अरिहा के मुद्दे पर बातचीत करने के लिए एकरमैन को तलब किया गया था। भारत सरकार का मानना है कि बच्चे के विकास लिए उसके भाषाई, धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक परिवेश में रहना महत्वपूर्ण है। पिछले दिसंबर में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने जर्मन के विदेश मंत्री एनालेना बेयरबॉक को बच्ची के मुद्दे पर बातचीत की थी।

भारतीय बच्ची की उसके माता-पिता को वापस दिलाने के लिए भारत ने इस सप्ताह जर्मन राजदूत फिलिप एकरमैन को तलब किया। अरिहा शाह 20 महीने से अधिक समय से बर्लिन में एक बाल देखभाल केंद्र में रह रही है। उस समय उसकी उम्र महज सात महीने थी। उसे आकस्मिक चोट लगने के बाद 23 सितंबर, 2021 को जर्मनी के युवा कल्याण कार्यालय की हिरासत में स्थानांतरित कर दिया गया था। वह तब से बाल देखभाल केंद्र में है।

हरियाणा की घटना पर भी बोले बागची
हरियाणा के नूंह में जारी सांप्रदायिक तनाव पर अमेरिकी विदेश विभाग की तरफ से शांति की अपील को लेकर अरिंदम बागची ने कहा, अमेरिका जानता है भारत नूंह में क्या कर रहा है और यह भी जानता है कि हम वहां शांति चाहते हैं। उन्होंने कहा, अमेरिकी विदेश विभाग की टिप्पणियां उन्हीं बातों का उल्लेख करती हैं, जो हम कह रहे हैं।

भारत 5-6 अगस्त को जेद्दा सम्मेलन में भाग लेगा
भारत यूक्रेन की शांति योजना पर शनिवार से तटीय शहर जेद्दा में होने वाले दो दिवसीय सम्मेलन में सऊदी अरब द्वारा आमंत्रित देशों के चुनिंदा समूह में शामिल है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि बैठक में भारत की भागीदारी उसकी लंबे समय से चली आ रही स्थिति के अनुरूप होगी कि बातचीत और कूटनीति यूक्रेन संकट को हल करने का रास्ता है। सम्मेलन में आमंत्रित देशों में कई यूरोपीय देश, अमेरिका, चीन और भारत शामिल हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें