रूस के विदेश मंत्री के साथ एस जयशंकर
- फोटो : एएनआई
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने सोमवार शाम रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच यूक्रेन संघर्ष और इसे लेकर जारी कूटनीतिक पहलों पर चर्चा हुई। जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा, 'हमारी बातचीत का मुख्य केंद्र यूक्रेन संघर्ष और जारी कूटनीतिक पहलें रहीं।' हालांकि, बातचीत में किन विशिष्ट मुद्दों पर सहमति बनी या आगे की कूटनीतिक रणनीति क्या होगी, इसकी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई। वहीं, आज देर शाम प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से फोन पर बात की थी।
पीएम मोदी ने जेलेंस्की से की बात
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के बयान के मुताबिक, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने जारी संघर्ष से जुड़े हालिया घटनाक्रम पर अपना दृष्टिकोण साझा किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने जारी संघर्ष पर चर्चा की। भारत और यूक्रेन के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर भी बात हुई। बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने भारत के 'मानव-केंद्रित दृष्टिकोण' को दोहराया। उन्होंने कहा कि भारत का लगातार यही रुख रहा है कि इस संघर्ष का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिये होना चाहिए। उन्होंने कहा कि संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान निकालने के लिए होने वाले हर प्रयास में भारत योगदान देने को तैयार है। बयान में कहा गया कि दोनों नेताओं ने अलग-अलग क्षेत्रों में भारत और यूक्रेन के बीच आपसी सहयोग को और मजबूत करने के उपायों पर भी चर्चा की। इसका मकसद दोनों देशों के लोगों को आपसी रूप से लाभ पहुंचाना है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में क्या लिखा?
फोन पर बातचीत के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ फोन पर उपयोगी बातचीत करके खुशी हुई। हमने अपने व्यापक द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की। भारत और यूक्रेन के संबंधों को और मजबूत करने पर सहमति जताई। उन्होंने आगे लिखा, जारी संघर्ष, इसके मानवीय पहलुओं और शांति बहाल करने के लिए किए जा रहे अलग-अलग प्रयासों पर अपना नजरिया साझा करने के लिए मैंने राष्ट्रपति जेलेंस्की का धन्यवाद किया। शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में हरसंभव तरीके से योगदान देने की भारत की मजबूत प्रतिबद्धता दोहराई।
बातचीत के बाद राष्ट्रपति जेलेंस्की ने क्या कहा?
बातचीत के बाद जेलेंस्की ने कहा कि भारत के लिए यह पहचानना जरूरी है कि युद्ध खत्म कराने में वह कौन-से कदम उठा सकता है। दूसरे नेताओं के साथ किस तरह की बातचीत कर सकता है, इस पर भी विचार करना जरूरी है। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने एक्स पर पोस्ट में कहा, भारत खाद्य गलियारे बनाने में मध्यस्थता करने के लिए तैयार है। हम उम्मीद करते हैं कि ये प्रयास जारी रहेंगे।
ये भी पढ़ें:
पीएम मोदी ने राष्ट्रपति जेलेंस्की से की बातचीत: भारत ने फिर दोहराया- बातचीत और कूटनीति से निकले जंग का समाधान
अबू धाबी में होने वाली बैठक पर क्या बोले जेलेंस्की?
जेलेंस्की ने कहा कि उन्होंने पीएम मोदी को हाल के कूटनीतिक घटनाक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा, हम अबू धाबी में होने वाली बैठक के एजेंडे के हर मुद्दे पर सक्रिय रूप से तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूक्रेन हमेशा रचनात्मक रुख अपनाता रहा है। रूस को भी तनाव कम करने के लिए ऐसी ही तत्परता दिखानी चाहिए। जेलेंस्की ने कहा, प्रधानमंत्री (मोदी) ने कई बार, यहां तक कि सीधे रूसी नेता से भी कहा है कि अब युद्ध खत्म करने का समय है, इसे जारी रखने का नहीं। यह जरूरी है कि भारत पहचाने कि युद्ध खत्म कराने में वह कौन-से कदम उठा सकता है और दूसरे नेताओं के साथ किस तरह की बातचीत कर सकता है।