वहीं, इसी कार्यक्रम में बोलते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी इकलौते राजनेता नहीं हैं जिनकी अदालत की ओर से सजा सुनाए जाने के बाद संसद की सदस्यता गई है। इसके बारे में हो-हल्ला मचाने वाली कोई बात नहीं। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव और तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता समेत 17 नेता तब दोषी ठहराए गए थे तब वे किसी न किसी विधानसभा या संसद के सदस्य थे।
बुधवार को एक मीडिया समूह के कार्यक्रम में शाह ने कहा, गांधी को अपना केस लड़ने के लिए ऊपरी अदालत में जाना चाहिए। इसकी जगह वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दोष मढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा, उन्होंने अपनी सजा पर रोक लगाने की अपील नहीं की है। यह कैसा अहंकार है? आप तरफदारी चाहते हैं। आप सांसद बने रहना चाहते हैं और अदालत भी नहीं जाएंगे। इस तरह का अहंकार आता कहां से है।
मीडिया समूह के इसी कार्यक्रम में बोलते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि दिल का दौरा पड़ने से होने वाली मौत और कोविड के बीच संबंध का आकलन करने के लिए भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) द्वारा एक अध्ययन किया जा रहा है और इसके परिणाम दो महीनों में सामने आएंगे। मांडविया ने कोविड-19 के बाद दिल के दौरे के कारण होने वाली मौतों की संख्या में वृद्धि को स्वीकार किया और कहा कि इस पर चर्चा की गई और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद अध्ययन कर रहा है।
मांडविया ने कहा, टीकाकरण के आंकड़े हमारे पास है। मुझे बताया गया कि रिपोर्ट छह महीने में आएगी। तीन से चार महीने पहले ही बीत चुके हैं और अगले दो महीनों में रिपोर्ट आनी चाहिए।
भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ कर्नाटक में सत्ता बरकरार रखेगी : मांडविया
मनसुख मांडविया ने भरोसा जताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दक्षिणी राज्य में प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता बरकरार रखेगी और “डबल इंजन की सरकार” फिर से बनाएगी। मांडविया आगामी कर्नाटक विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा के सह-प्रभारी भी हैं। मांडविया ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, कांग्रेस नेता राहुल गांधी खुद कर्नाटक में भाजपा की चुनावी जीत का कारण बनेंगे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हाल ही में कर्नाटक के अपने कई दौरों पर उन्होंने देखा कि राज्य के लोगों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति अपार आस्था और सम्मान है और भाजपा के कार्यकर्ता जिस तेजी से जमीन पर काम कर रहे हैं, उसे वोट में बदल सकेंगे। चुनाव आयोग (ईसी) ने बुधवार को कर्नाटक विधानसभा के चुनावी कार्यक्रम की घोषणा की। राज्य में मतदान 10 मई को एक चरण में होंगे और मतगणना 13 मई को होगी।