विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बृहस्पतिवार को उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने अमेरिकी सेना के अफगानिस्तान छोड़ने के बाद देश में तेजी से बदल रहे हालात को लेकर चर्चा की। जयशंकर के मुताबिक, उन्होंने गनी को अफगानिस्तान की शांति, स्थिरता और विकास के लिए भारत का सहयोग बरकरार रखने को लेकर आश्वस्त किया है।
जयशंकर ने ट्वीट में कहा, राष्ट्रपति अशरफ गनी से मुलाकात कर बेहद खुश हूं। अफगानिस्तान और उसके आसपास के मौजूदा हालात पर चर्चा की। हमारा समर्थन जारी रखने का आश्वासन दिया। जयशंकर ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे के दो दिन के दौरे के बाद ताशकंद पहुंचे थे, जहां उन्होंने गनी के साथ यह मुलाकात एक बहुस्तरीय संपर्क सम्मेलन से इतर की। इस दौरान उन्होंने ताशकंद में बांग्लादेश के विदेश मंत्री एके अब्दुल मोमीन के साथ भी बैठक की। उन्होंने ट्वीट में इसकी भी जानकारी देते हुए कहा, यह हमारे संबंधों की प्रगति को जांचने का अच्छा मौका रहा।
इससे पहले दुशांबे में जयशंकर ने शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के विदेश मंत्रियों की अहम बैठक में शिरकत की, जिसमें अफगानिस्तान में बिगड़ते सुरक्षा हालातों को लेकर बेहद चिंता जताई गई और अमेरिका सेना के देश छोड़ने के दौरान तालिबान की तरफ से अपना प्रभाव बढ़ाने के लिए किए जा रहे घातक हमलों को लेकर भी बात की गई।