दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को की गई कथित पेशकश को लेकर सियासी घमासान मचा हुआ है। मंगलवार को शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा ने आप से रिकॉर्डिंग जारी कर भाजपा को बेनकाब करने को कहा।
विज्ञापन
सिसोदिया ने दावा किया था कि भाजपा ने उन्हें दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाने की पेशकश की थी और कहा था कि अगर वह भगवा पार्टी में शामिल हो जाते हैं तो उनके खिलाफ सभी मामले रद्द कर दिए जाएंगे।
राकांपा प्रवक्ता क्लाइड क्रेस्टो ने कहा कि भाजपा की ओर से इस तरह के प्रस्तावों के दावे अगर सच हैं तो यह भारत में लोकतंत्र के लिए खतरनाक है।
रिकॉर्डिंग जारी कर भाजपा को बेनकाब करो : राकांपा
उन्होंने आगे कहा कि महाराष्ट्र में विधायकों को भी इसी तरह की पेशकशों की चर्चा थी और आखिरकार महाराष्ट्र विकास अघाड़ी की सरकार गिर गई थी। 'आप' का कहना है कि उनके पास पेशकश की रिकॉर्डिंग है, तो इंतजार क्यों? इसे जारी करो और भाजपा को बेनकाब करो।
विज्ञापन
मनीष सिसोदिया ने किया था ये दावा
सिसोदिया ने सोमवार को दावा किया था कि उन्हें भाजपा से एक संदेश मिला है जिसमें कहा गया था कि आम आदमी पार्टी को छोड़ो और भाजपा में शामिल हो जाओ। हम सुनिश्चित करेंगे कि आपके खिलाफ सीबीआई और ईडी के सभी मामले बंद हों।
भाजपा ने किया पलटवार
वहीं भाजपा ने पलटवार करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रमुख सहयोगी सिसोदिया पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों से ध्यान हटाने की कोशिश का आरोप लगाया है।