कर्नाटक की फैक्टरी में विस्फोट
- फोटो : एएनआई
कर्नाटक के मांड्या जिले में रविवार को केरेकाटे गांव के पास स्थित एक केमिकल फैक्टरी में स्टोरेज टैंक फटने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक धमाका उस समय हुआ जब फैक्टरी को दूसरी जगह शिफ्ट करने की प्रक्रिया चल रही थी और टैंक की सफाई की जा रही थी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि विस्फोट इतना तेज था कि दो मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल कर्मचारियों को तुरंत मांड्या इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार फैक्ट्री पिछले कुछ समय से अपने उपकरण और रसायन केरेकाटे से नए स्थान पर ले जा रही थी। इसी दौरान टैंक साफ करते समय अचानक धमाका हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षा मानकों में कहीं लापरवाही तो नहीं हुई।
स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री के सुरक्षा रिकॉर्ड पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि वर्ष 2022 में भी यहां जहरीली गैस रिसाव की घटना हुई थी, जिससे आसपास की फसलों को नुकसान पहुंचा था और दो कुत्तों की मौत हो गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि उस घटना के बाद से इलाके के लोगों की सेहत पर भी असर पड़ा। ग्रामीणों और किसानों के विरोध के चलते तथा स्थानीय विधायक और जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद पहले ही फैक्ट्री का काम रोक दिया गया था। अब ताजा हादसे के बाद सुरक्षा इंतजामों और प्रशासनिक निगरानी को लेकर फिर से सवाल उठने लगे हैं।
अचनाक धमाका हुआ और कई लोग आए चपेट में
फैक्ट्ररी में काम करने वाले श्रमिक अमन ने बताया, कंपनी के केमिकल टैंक के पास छह लोग काम कर रहे थे, तभी अचानक धमाका हो गया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। उस समय मैं ड्यूटी पर नहीं था... आज सुबह करीब 9 बजे तीन लोगों को इमरजेंसी इलाज के लिए लाया गया... हमें यहां काम करते हुए सिर्फ एक महीना हुआ है... आकाश और कल्लू की मौत हो गई। कल्लू मेरे चाचा थे और कासिम भी घायल है... फैक्ट्री में केमिकल बनाया जाता था, लेकिन मुझे उस केमिकल का नाम नहीं पता।
फैक्टरी में काम करने वाले एक अन्य शख्स ने बताया कि आज सुबह करीब 10 बजे यह हादसा हुआ… हम लोग बिहार से हैं। वहां 7–8 लोग मौजूद थे… यह केमिकल प्लांट है और टैंक फट गया… हम में से 6–7 लोग वहीं थे और घायल हो गए। ठेकेदार यहां नहीं है, वह कहीं और चला गया है… उसका नाम गुड्डू खान है… नया काम सिर्फ एक महीने पहले शुरू हुआ था… उस समय कटिंग और फिटिंग का काम चल रहा था… फिलहाल दो लोग घायल हैं।