अभी क्यों चर्चा में हैं दलेर मेहंदी?
दलेर मेहंदी उत्तराखंड के नरेंद्रनगर में आयोजित कुंजापुरी मेले के दौरान अपनी प्रस्तुति को लेकर विवाद में आ गए। कार्यक्रम के दौरान राज्य के वन मंत्री और स्थानीय भाजपा विधायक सुबोध उनियाल ने उनकी परफॉर्मेंस पर नाराजगी जताते हुए उन्हें मंच पर ही टोक दिया।
मंत्री ने दलेर मेहंदी की आवाज और उनके बोलने के तरीके पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 59 वर्षीय सिंगर को कार्यक्रम के लिए 30 लाख से ज्यादा रुपये दिए गए थे, लेकिन वह ठीक से गा भी नहीं पा रहे थे। बाद में मीडिया से बातचीत में उनियाल ने दावा किया कि सिंगर असहज और भ्रमित नजर आ रहे थे और ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे। उन्हें संदेह था कि दलेर मेहंदी लाइव गाने के बजाय लिप-सिंक कर रहे थे।
मंत्री ने नवरात्र के दौरान मां दुर्गा को समर्पित कार्यक्रम में सिंगर के कथित व्यवहार पर भी आपत्ति जताई। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद बहस शुरू हो गई कि क्या मंत्री ने दर्शकों के हित में आवाज उठाई या एक वरिष्ठ कलाकार को सबके सामने अपमानित किया। यह सवाल भी उठा कि किसी कलाकार की प्रस्तुति पर असहमति जताने का सही तरीका क्या होना चाहिए। इसके साथ ही मेहंदी की ट्रोलिंग भी शुरू हो गई।
मीका सिंह ने क्या कहा?
- फोटो : अमर उजाला
मीका सिंह ने भाई के समर्थन में क्या कहा?
घटना के बाद दलेर मेहंदी के भाई और सिंगर मीका सिंह ने उनका बचाव किया। मीका ने एक वीडियो साझा करते हुए संकेत दिया कि दलेर मेहंदी की तबीयत खराब थी और उनकी सर्जरी भी हुई थी। मीका ने यह भी स्पष्ट किया कि दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते।
कपिल शर्मा और अनुपम खेर समेत कई सितारे आए समर्थन में
इसके बाद फिल्म और संगीत जगत की कई हस्तियों ने दलेर मेहंदी का समर्थन किया। कपिल शर्मा ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि दलेर मेहंदी की सर्जरी हुई थी, जिसके बारे में लोगों को जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि सभी को एक-दूसरे के प्रति संवेदनशील होना चाहिए, क्योंकि किसी को नहीं पता कि दूसरा व्यक्ति किस परिस्थिति से गुजर रहा है।
कपिल की पोस्ट पर सिंगर शान, हर्षदीप कौर, अली चिनाई, रैपर बादशाह और अभिनेता नील नितिन मुकेश, राहुल देव, सुयश राय, राजपाल यादव और सुनील शेट्टी समेत कई हस्तियों ने प्रतिक्रिया दी।
अभिनेता अनुपम खेर ने भी दलेर मेहंदी के साथ मंच पर हुए व्यवहार पर निराशा जताई। उन्होंने कहा कि दशकों तक संगीत जगत में योगदान देने वाले कलाकार के साथ सम्मान से पेश आना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि क्या किसी कलाकार को सबके सामने मंच पर इस तरह अपमानित करना जरूरी था।
वहीं, सिंगर सोना महापात्रा ने सवाल उठाया कि क्या वरिष्ठ कलाकारों के सम्मान का मतलब उनके पेशेवर काम के प्रति जवाबदेही से समझौता करना है।
मंत्री सुबोध उनियाल ने क्या सफाई दी?
विवाद बढ़ने के बाद सुबोध उनियाल ने अपने बयान में कहा कि उन्हें लगा था कि दलेर मेहंदी नशे में हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं पता था कि नशा किस चीज का है। मंत्री के मुताबिक, वह इतने बड़े कलाकार का मेडिकल परीक्षण नहीं करा सकते थे। बाद में उन्हें बताया गया कि सिंगर की तबीयत खराब थी।
उनियाल ने कहा कि अगर दलेर मेहंदी की तबीयत ठीक नहीं थी, तो उन्हें कार्यक्रम में मौजूद लोगों को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी या कार्यक्रम में नहीं आना चाहिए था।
मंत्री ने दोबारा दावा किया कि कार्यक्रम में आने के लिए 35 लाख रुपये दिए गए थे और होटल में ठहरने की व्यवस्था अलग से की गई थी। उन्होंने कहा कि जब दलेर मेहंदी 45 मिनट तक ठीक से परफॉर्म नहीं कर पाए, तो जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्होंने उन्हें टोका।
उनियाल ने स्पष्ट किया कि उनकी मंशा कलाकार का अपमान करने की नहीं थी। उन्होंने कहा कि कलाकार का सम्मान होना चाहिए, लेकिन उसे भी अपने सम्मान का ध्यान रखना चाहिए।
मीका सिंह ने 35 लाख रुपये पर क्या सवाल उठाए?
मंत्री के बयान के बाद मीका सिंह ने कार्यक्रम की फीस को लेकर सवाल उठाए। 22 अक्तूबर को उन्होंने उन सभी लोगों का आभार जताया, जिन्होंने उनके भाई का समर्थन किया। साथ ही, उन्होंने दलेर मेहंदी के साथ हुए व्यवहार के लिए जिम्मेदार लोगों से माफी मांगने की मांग की।
इसके बाद मीका ने उत्तराखंड के मंत्री को टैग करते हुए भुगतान की रसीदें सार्वजनिक करने को कहा। उन्होंने पूछा कि दलेर मेहंदी को 35 लाख रुपये नकद दिए गए थे या चेक से। मीका ने लिखा कि अगर मंत्री के पास भुगतान की रसीदें हैं, तो उन्हें जनता के सामने साझा किया जाए, ताकि सभी को सच्चाई पता चल सके।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्या कहा?
गुरुवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विवाद समाप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल अपना पक्ष स्पष्ट कर चुके हैं और उनका किसी को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था।
धामी के मुताबिक, मंत्री को उस समय दलेर मेहंदी की खराब तबीयत के बारे में जानकारी नहीं थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड लेखकों, कलाकारों और विद्वानों का सम्मान करने वाली भूमि है।
समर्थन में क्या-क्या कहा गया?
- फोटो : Amar Ujala
इला अरुण ने क्या कहा?
अभिनेत्री और सिंगर इला अरुण ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री और संगीत जगत के लोग इस घटना से दुखी और नाराज हैं। उन्होंने दलेर मेहंदी को अपना अच्छा दोस्त और भाई जैसा बताया।
इला अरुण ने कहा कि दलेर मेहंदी एक महान कलाकार हैं और सूफी व पंजाबी संगीत को लोकप्रिय बनाने में उनका बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं पता कि कार्यक्रम में वास्तव में क्या हुआ था, लेकिन सिंगर पर जिस तरह के आरोप लगाए गए और उनके साथ जैसा व्यवहार किया गया, वह सही नहीं था।
मेहंदी का पुराना इंटरव्यू हो रहा वायरल
इस विवाद के बीच दलेर मेहंदी का एक पुराना इंटरव्यू भी चर्चा में आया। इसमें उन्होंने बताया था कि उनके गुरु उस्ताद राहत अली खान ने संगीत सिखाने के दौरान उनसे दो शर्तें रखी थीं। पहली, वह कभी शराब नहीं पिएंगे और दूसरी, अपने बाल नहीं कटवाएंगे। उनकी मां ने भी उन्हें नशे से दूर रहने और बाल नहीं कटवाने की सलाह दी थी।
दलेर मेहंदी के मुताबिक, उन्होंने अपने गुरु और मां से किए वादे को हमेशा निभाया। उन्होंने यह भी कहा था कि शराब से दूरी ने उनकी आवाज को लंबे समय तक बनाए रखने में मदद की।