असम के लखीमपुर में वन को अतिक्रमण मुक्त करने की तैयारी
- फोटो : Social Media
असम लखीमपुर जिले में 450 से 500 हेक्टेयर वन भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार मंगलवार को इस अभियान की शुरुआत की गई। उनके अनुसार 2560.25 हेक्टेयर संरक्षित वन में से सिर्फ 29 हेक्टेयर भूमि ऐसी है, जो अतिक्रमण मुक्त है। इस दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए भारी मात्रा में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया था।
लखीमपुर के एसपी डॉ. बीएम राजखोवा ने अमर उजाला से कहा, कार्रवाई शुरू कर दी है। यह बता नहीं सकते कि कितनी जमीन खाली हो पाई है। क्योंकि यह 450 से 500 हेक्टेयर जमीन है। हमें उम्मीद है कि बुधवार तक हम पूरी तरह से जमीन खाली करवा लेंगे। यह पूरी तरह से अवैध थी। बाहर से आए हुए लोगों ने जंगल पर कब्जा कर लिया था।
जानकारी के मुताबिक इस भूमि को खाली करवाने में 500 परिवार प्रभावित होंगे। मंगलवार से शुरू हुए पहले चरण में 200 हेक्टेयर भूमि खाली करवाने का लक्ष्य रखा गया है। एसपी राजखोवा ने बताया कि 60 से अधिक एक्सेवेटर्स और ट्रेक्टर्स के साथ 600 सुरक्षाकर्मी सुबह से इस काम में लग गए थे। अभियान सुबह से शांतिपूर्ण तरीके से चला। अभी तक हमें किसी भी प्रकार के विरोध का सामना नहीं करना पड़ा है। उम्मीद है कि अभियान कल तक बिना किसी रुकावट के पूरा हो जाएगा।