पश्चिम बंगाल में प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारियों को उस समय अजीबो-गरीब स्थिति का सामना करना पड़ा जब वे हुगली में गलत पते पर छापेमारी करने पहुंच गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक तलाशी लेने पहुंचे ईडी के अधिकारी किसी और शख्स के पते पर जाना चाहते थे। पीड़ित परिवार ने ऐसी घटना के दोहराव पर ईडी के अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।
संदीप साधुखा के यहां छापेमारी की योजना
जानकारी के अनुसार केंद्रीय बल के जवानों के साथ ईडी की टीम को मंगलवार सुबह चिनसुराह में संदीप साधुखा के यहां छापेमारी करनी थी, लेकिन टीम सुभदीप साधुखा के घर छापा मारने चली गई। यह कार्रवाई मनरेगा फंड के गबन की जांच के सिलसिले में थी।
हमारे परिवार का बहुत बड़ा अपमान
सुभदीप के पिता ने कहा, शुरुआत में ईडी अधिकारियों ने हमारी बात नहीं सुनी। हमने उन्हें बार-बार बताया कि मेरा बेटा सुभदीप है, संदीप नहीं, लेकिन वे हमें परेशान करते रहे। ईडी की टीम 10 अधिकारी थे। नाराज पिता ने कहा, हम हैरान हैं। यह हमारे परिवार का बहुत बड़ा अपमान है। अगर ऐसी गलतियां दोहराई गईं तो हम कानूनी सहायता लेंगे।