पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी।
- फोटो : ANI
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी को प्रवर्तन निदेशालय ने समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है। टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के साथ उनकी पत्नी रुजिरा बनर्जी को भी पूछताछ के लिए पेश होने को कहा गया है। बताया गया है कि रुजिरा से कोल ब्लॉक आवंटन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के कथित आरोपों को लेकर 1 सितंबर को पूछताछ की जा सकती है, जबकि अभिषेक को 6 सितंबर को पूछताछ के लिए आने को कहा गया है।
अभिषेक बनर्जी लोकसभा में डायमंड हार्बर सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव भी हैं। अधिकारियों ने बताया कि मामले से जुड़े कुछ अन्य लोगों को भी अगले महीने अलग-अलग तारीखों पर पेश होने के लिए समन जारी किया गया है।
निदेशालय ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की नवंबर, 2020 की एक प्राथमिकी का अध्ययन करने के बाद पीएमएलए की आपराधिक धाराओं के तहत यह मामला दर्ज किया था। सीबीआई की प्राथमिकी में आसनसोल और उसके आसपास कुनुस्तोरिया और कजोरा इलाकों में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की खदानों से संबंधित करोड़ों रुपये के कोयला चोरी घोटाले का आरोप लगाया गया है।
इस मामले में अनूप माझी उर्फ लाला मुख्य संदिग्ध है। ईडी ने पहले दावा किया था कि अभिषेक बनर्जी इस अवैध व्यापार से प्राप्त धन के लाभार्थी हैं, जबकि उन्होंने सभी आरोपों से इनकार किया है।