इमैनुएल मैक्रों-नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
17वीं लोकसभा के नतीजे आ चुके हैं जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पहले के मुकाबले ज्यादा बहुमत मिला है। उनकी इस जीत पर जहां पार्टी के कार्यकर्ता काफी खुश हैं वहीं कई देशों के नेताओं ने भी उन्हें बधाई दी है। हालिया बधाई उन्हें फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने दी है। उन्होंने कहा कि हम अपने राष्ट्रों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।
फ्रांस के यूरोप और विदेश मामलों के मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, 'फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन करके बधाई दी। फ्रांस और भारत के बीच एक स्थिर और अटल साझेदारी है।'
प्रवक्ता ने आगे कहा, 'हम अपने राष्ट्रों की सुरक्षा को मजबूत करने, दुनिया में स्थिरता स्थापित करने और सतत विकास को बढ़ावा देना के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे। इसके अलावा हमारे युवाओं के बीच आदान-प्रदान भी जारी रहेगा।'
इससे पहले अमेरिका ने मोदी की जीत पर कहा था कि उसे भारतीय चुनावों की निष्पक्षता और ईमानदारी पर पूरा भरोसा है। उसने कहा कि वह मोदी सरकार के साथ मिलकर काम करने को तैयार है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मोर्गन ओर्तागस ने कहा, 'मैं अमेरिका के नजरिए से कहूंगी कि हमें भारतीय चुनाव प्रक्रिया की ईमानदारी एवं निष्पक्षता पर पूरा भरोसा है और हम भारत के साथ काम करने को प्रतिबद्ध हैं।'
वहीं इसके बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी पीएम मोदी को फोन करके बधाई दी। ट्रंप ने भारत से आर्थिक और सामरिक रिश्ते को नई ऊंचाई पर ले जाने की उम्मीद भी जताई। दोनों नेताओं ने जून में होने वाले जी-20 समिट में मुलाकात कर भारत और अमेरिका के संबंधों को लगातार मजबूती प्रदान करने के लिए मिलकर काम करने पर भी सहमति जताई।