ऐक्सिस बैंक की एमडी और सीईओ शिखा शर्मा ने कहा है कि वो बैंक के कुछ मुठ्ठीभर कर्मचारियों के गलत कार्यों से बैंक की छवि को जो धक्का पहुंचा है उससे वो काफी 'परेशान और शर्मिंदा' हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बैंक ने केपीएमजी ने फॉरेंसिक ऑडिट जांच के लिए हायर किया है ताकि सुरक्षा के स्तर को बढ़ाया जा सके। शिखा शर्मा ने यह बात रविवार को बैंक के ग्राहकों को लिखे पत्र में कहा।
पत्र में शिखा शर्मा ने बैंक की शाखाओं पर आयकर विभाग के पड़ रहे छापाओं पर दुख जताते हुए कहा कि बैंक खातों में गड़बड़ी कर जो हेर-फेर की जा रही थी उसकी जांच शुरू कर दी गई है। बैंक ने कई संदिग्ध खातों का पता भी लगाया है।
शिखा शर्मा ने कहा कि कुछ कर्मचारियों की हरकतों से मैं काफी दुखी हूं। इन कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है और आगे भी इस तरह के मामलों में बैंक कड़ी कार्रवाई करता रहेगा। उन्होंने कहा, 'हमारे कुछ कर्मचारियों के गलत कार्यों को लेकर हाल के दिनों में आई खबरों ने मुझे शर्मिंदा और परेशान किया है। हम आपकी उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए क्योंकि कुछ कर्मचारियों ने नियमों का पालन नहीं किया। हमने ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है।'