ओडिशा की पटकुरा विधानसभा सीट पर दो बार स्थगित होने के बाद आज उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। मतदान शनिवार की सुबह 7 बजे से शुरू हो गया। एक अधिकारी ने ये जानकारी दी। अनुमानित 2.44 लाख से अधिक मतदाताओं में से सुबह 11 बजे तक 26 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। भाजपा उम्मीदवार बिजॉय महापात्रा भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके हैं।
अधिकारी ने कहा कि मतदान जारी है और कहीं से भी किसी तरह की कोई घटना की खबर सामने नहीं आई है। इस सीट पर मुकाबला काफी रोमांचक होने वाला है क्योंकि बीजद से निकाले गए बिजॉय महापात्रा का सामना बीजद की सावित्री अग्रवाल से है। इस सीट पर बीजद और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर की बात कही जा रही है।
चार बार के विधायक और बीजद के संस्थापकों में से एक, महापात्रा को 2000 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पटनायक ने पार्टी से बाहर कर दिया था। तब से वह राज्य विधानसभा चुनाव से दूर ही रहे हैं। इस सीट से 10 उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन बीजद और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना है।
बीजद द्वारा मैदान में उतारी गईं सावित्री अग्रवाल, पटकुरा के पूर्व विधायक वेदप्रकाश अग्रवाल की पत्नी हैं। 20 अप्रैल को वेदप्रकाश के निधन के बाद पहली बार मतदान स्थगित किया गया था। बाद में, इसे 19 मई को निर्धारित किया गया, लेकिन चक्रवात तूफान फानी के बाद फिर से स्थगित करना पड़ा।