पश्चिम बंगाल में रविवार को चुनाव आयोग ने भारतीय जनता पार्टी के नेता सायंतन बसु और तृणमूल कांग्रेस की नेता सुजाता मंडल पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके चुनाव प्रचार पर 24 घंटे की रोक लगा दी है। चुनाव आयोग के अनुसार भाजपा नेता सायंतन बसु ने उकसाने वाला बयान दिया था जिसके चलते यह कार्रवाई की गई है वहीं टीएमसी नेता सुजाता मंडल पर यह प्रतिबंध एक टीवी चैनल के इंटरव्यू के दौरान उनके अनुसुचित जाति के खिलाफ टिप्पणी को लेकर लगाया गया है। यह प्रतिबंध 18 अप्रैल शाम 7 बजे से 19 अप्रैल शाम 7 बजे तक के लिए लगा है।
वहीं इससे पहले चुनाव आयोग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं बंगाल भाजपा के प्रमुख दिलीप घोष के प्रचार करने पर 24 घंटे का प्रतिबंध लगा दिया था। यह प्रतिबंध 15 अप्रैल को शाम 7 बजे से लेकर 16 अप्रैल को शाम 7 बजे तक के लिए प्रभावी था। चुनाव आयोग ने दिलीप घोष पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए यह कार्रवाई की गई थी।
पश्चिम बंगाल में पांच चरणों का मतदान पूरा
पश्चिम बंगाल में सत्ता संग्राम का आधा से अधिक सफर यानी पांच चरणों का मतदान पूरा हो गया है। इस बार के नए समीकरण में भाजपा और टीएमसी के बीच कांटे की टक्कर है।