निर्वाचन आयोग ने आगामी लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाता जागरूकता फैलाने के लिए दो प्रमुख संगठनों, इंडियन बैंक एसोसिएशन (आईबीए) और डाक विभाग (डीओपी) के साथ समझौता किया है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार और निर्वाचन आयुक्त अरुण गोयल की उपस्थिति में सोमवार को समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर डाक विभाग के सचिव विनीत पांडे, आईबीए के मुख्य कार्यकारी सुनील मेहता व अन्य अधिकारी उपस्थित थे। आयोग आमतौर पर शहरी आबादी और युवाओं की उदासीनता पर चिंता व्यक्त करता रहा है, क्योंकि कई पंजीकृत मतदाता पिछले चुनावों में वोट डालने के लिए मतदान केंद्रों तक नहीं पहुंचे। पिछले संसदीय चुनावों में 91 करोड़ मतदाताओं में से 30 करोड़ से अधिक ने मतदान नहीं किया था। आयोग ने कहा कि इस पहल का मकसद देश में चुनावी जागरूकता बढ़ाने के अपने प्रयासों को जारी रखना है। निर्वाचन आयोग ने हाल में स्कूलों और कॉलेजों के शैक्षिक पाठ्यक्रम में चुनावी साक्षरता को औपचारिक रूप से शामिल करने के लिए शिक्षा मंत्रालय के साथ भी एक समझौता किया था।