प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बायोपिक फिल्म 'पीएम नरेंद्र मोदी' की रिलीज पर चुनाव आयोग ने रोक लगा दी है। चुनाव आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि ईसी का यह निर्णय नमो टीवी पर भी लागू होता है। चुनाव अवधि के दौरान इस चैनल को प्रसारित नहीं किया जा सकता है।
अधिकारी ने आदेश के भाग का जिक्र करते हुए कहा, 'किसी भी ऐसी प्रमाणित सामग्री से संबंधित कोई भी पोस्टर या प्रचार सामग्री जो प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से किसी उम्मीदवार या संभावित उम्मीदवार को दर्शाती है, उसका इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में प्रदर्शन नहीं किया जाना चाहिए, जहां आदर्श आचार संहिता लागू है।'
चुनाव आयोग ने मोदी की बायोपिक की रिलीज पर रोक लगाते हुए कहा कि ऐसी कोई भी फिल्म जो किसी भी राजनीतिक इकाई या व्यक्ति के उद्देश्य को प्रदर्शित करती हो, उसे इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में प्रदर्शित नहीं किया जाना चाहिए।
बता दें कि नमो टीवी चैनल आचार संहिता लागू होने के बाद लॉन्च हुआ था। चुनाव आयोग ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से इसकी रिपोर्ट मांगी थी। जिसपर मंत्रालय ने कहा था कि नमो टीवी लाइसेंस्ड चैनल नहीं, बल्कि डीटीएच विज्ञापन प्लेटफॉर्म है। इसके विज्ञापनों का खर्च भाजपा उठा रही है। प्रधानमंत्री मोदी के चुनाव प्रचार का चौबीसों घंटे प्रसारण करने वाला नमो टीवी 31 मार्च को लॉन्च हुआ था। इसके लोगो में पीएम मोदी का फोटो भी है।