साइकिल पर मचे घमासान के बीच चुनाव आयोग ने अखिलेश और मुलायम धड़ों से अपने अपने दावों को लेकर जवाब मांगा है। दोनों पक्षों को नौ जनवरी तक जवाब देने के लिए कहा है। वहीं रामगोपाल खेमे ने चुनाव आयोग को जवाब देने के लिए कमर कस ली है। रामगोपाल खेमा शुक्रवार को चुनाव आयोग से मुलाकात कर आयोग को अपने दावे को पुख्ता करने के लिए दस्तावेज देगा।
अखिलेश खेमे की आयोग को 200 से ज्यादा विधायकों के हस्ताक्षर के साथ समर्थन वाले हलफनामे आयोग को सौंपने की तैयारी है। विधायकों ने हलफनामे में अखिलेश का समर्थन करते हुए साइकिल पर दावा ठोका है। दूसरी तरफ दिल्ली में होने के बावजूद मुलायम खेमा शांत है। दोनों पक्षों की दावेदारी को लेकर दस्तावेज मांगे जाने के बाद संभावना यह भी जताई जा रही है कि आयोग दोनों में से किसी एक को साइकिल का चुनाव निशान दे सकता है।