पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में चुनाव तारीखों का एलान हो गया है। इसी के साथ इन राज्यों में चुनावी गहमागहमी का दौर और तेज हो गया है। चुनाव तारीखों के एलान के बाद इन राज्यों में बड़े नेताओं के दौरे और रैलियों की संख्या बढ़ गई है. हम आपको बता रहे हैं इन राज्यों में चुनाव से जुड़ी हर छोटी-बड़ी खबरों का अपडेट।
-मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर आचार संहिता लागू होने के बाद इसके उल्लंघन का मामला भी सामने आ गया है। एमपी के दमोह में आदर्श आचार संहिता के नियमों की अवहेलना होने पर पहली कार्रवाई की गई है। दमोह के प्रशासनिक अमले ने प्रदेश के वित्त मंत्री जयंत मलैया पर आचार संहिता तोड़ने के मामले में कार्रवाई की है।
-मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों का चयन करने के लिए कांग्रेस में माथापच्ची तेज हो गई है। इसी सिलसिले में दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी की तीसरे दौर की बैठक आज से शुरू होने जा रही है। यह बैठक चार दिन तक चलेगी। बताया जा रहा है कि इसमें 60 प्रत्याशियों के नाम फाइनल कर केंद्रीय चुनाव कमेटी को सौंपा जा सकता है।