महाराष्ट्र में मंत्रालयों के आवंटन और ईडी की कार्रवाई पर जवाब देने के लिए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आज मीडिया के सवालों का जवाब दिया। सबसे पहले उन्होंने मंत्रालय के आवंटन पर बात करते हुए कहा कि राज्य के मंत्रिमंडल के गठन के लिए मंत्रालयों का आंवटन जल्द तय किया जाएगा। हम उपमुख्यमंत्री के साथ मिलकर राज्य के विकास पर काम कर रहे हैं।
जो ED से डरते हैं वे हमारी पार्टी में न आएं: शिंदे
वहीं जब पत्रकारों ने सीएम शिंदे से संजय राउत के खिलाफ ईडी कार्रवाई पर सवाल पूछा तो उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि इसकी जांच चल रही है। अगर उन्होंने कुछ गलत नहीं किया है तो वे डर क्यों रहे हैं? वह एक बड़े MVA नेता थे। शिंदे ने कहा कि वैसे लोग हमारी पार्टी में न आएं जिन्हें ईडी से डर लगता है। प्रवर्तन निदेशालय(ईडी) ने पहले भी जांच की थी। अगर ईडी केंद्र सरकार के डर से काम करता है तो सुप्रीम कोर्ट को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए। ईडी अपना काम कर रही है।
जांच एजेंसी शिकायत मिलने पर तो जांच करती है: अजीत पवार
वहीं ईडी का कार्रवाई पर NCP नेता अजीत पवार ने कहा कि कई लोगों को ED का नोटिस मिला है। जांच एजेंसियां, चाहे फिर वह ED, CBI, IT या राज्य की एजेंसियां हो, ये सभी शिकायत मिलने पर जांच करती हैं। संजय राउत के मामले में यह बार-बार हो रहा है इसलिए इसके पीछे का सही कारण वही बता सकते हैं।
सिर्फ महाराष्ट्र में ही भ्रष्टाचारी लोग हैं क्या?: अरविंद सावंत
शिवसेना सांसद अरविंद सावंत ने भी ईडी का कार्रवाई को लेकर जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि संजय राउत की वाणी और लेखनी दोनों डंक मारती हैं इसलिए उनसे भाजपा परेशान हैं... जो विपक्ष में बात करेगा उसका मुंह बंद करो, धुलाई मशीन खाली है। जितने लोग आपके पास आए हैं उन लोगों पर भाजपा ने ही ED के इल्जाम लगाए थे, उसका क्या हुआ? सिर्फ महाराष्ट्र में ही भ्रष्टाचारी लोग हैं, और राज्यों में नहीं है? खुद राज्यपाल जी कहते हैं कि अगर मुंबई से गुजराती और मारवाड़ी निकल जाएंगे तो इसकी आर्थिक राजधानी का स्तर चला जाएगा। इसका मतलब पैसे वाले कौन हैं और छापेमारी किस पर हो रही है? यह भाजपा करा रही है।