राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता एकनाथ खड़से कोविड-19 लक्षणों का हवाला देकर बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश नहीं हुए। भाजपा के पूर्व नेता खड़से ने एक बयान में कहा कि वह कोविड-19 नमूने की जांच का इंतजार कर रहे हैं और ईडी उन्हें अतिरिक्त समय देने को राजी हो गई है।
बता दें कि केंद्रीय एजेंसी ने 26 दिसंबर को पुणे के पास स्थित भुसरी इलाके से जुड़े एक भूमि सौदे के संबंध में उन्हें पेश होने के लिए कहा था। एकनाथ खड़से ने कहा कि उन्हें 28 दिसंबर से बुखार, सर्दी और सूखी खांसी हो रही है। आरोप है कि उन्होंने अपने परिवार द्वारा सरकारी जमीन की खरीद में अपने पद का दुरुपयोग किया।
उन्होंने कहा, 'मैंने अपनी कोविड-19 जांच के लिए नमूने दिए हैं और नतीजे का इंतजार है। चिकित्सा सलाह के मुताबिक, मुझे 14 दिनों तक आराम करने की आवश्यकता है।' एनसीपी नेता ने कहा कि ईडी अधिकारी उन्हें 14 दिनों का समय देने के लिए राजी हैं और वह ठीक होने के बाद जांच में सहयोग करेंगे।
उल्लेखनीय है कि पूर्ववर्ती भाजपा नीत राज्य सरकार में मंत्री रहे एकनाथ खड़से को पद का दुरुपयोग कर अपनी पत्नी और बेटे की सरकारी जमीन खरीदने में कथित सहायता को लेकर पद छोड़ना पड़ा था। खडसे अपने इस्तीफे के बाद लंबे समय तक नाराज रहे थे क्योंकि उन्होंने दावा किया था कि उन्हें पाक साफ करार दिया गया था, जबकि भाजपा ने उन्हें दरकिनार कर दिया। इसके बाद वह भाजपा छोड़कर एनसीपी में शामिल हो गए थे।
इससे पहले 26 दिसंबर को खड़से ने कहा था कि उन्हें ई-मेल के माध्यम से ईडी से समन मिले हैं। उन्होंने कहा था कि उनकी पत्नी और दामाद द्वारा किए गए इस जमीन सौदे की राज्य के सतर्कता ब्यूरो की पुणे और नासिक इकाइयों व आयकर विभाग ने भी जांच की थी लेकिन इन एजेंसियों ने चार करोड़ के इस सौदे में कुछ अवैध नहीं पाया था।