दिल्ली के सफदर जंग अस्पताल में 11 मई 2000 को एक बच्ची का जन्म हुआ था। भारत सरकार ने उसे देश का सौ करोड़वां बच्चा माना था। आस्था अरोड़ा नाम की वह बेटी आज अठारह साल की हो गई है और अगले लोकसभा चुनाव में वह अपना पहला वोट देने जा रही हैं। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया है कि वे अगले चुनाव में किसे वोट दें। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लिए बहुत काम किया है लेकिन उन्होंने एक सबसे जरुरी काम नहीं किया जिसकी वजह से कोई भी योजना सफल नहीं हो पा रही है। वह चाहती हैं कि पीएम मोदी वह काम पूरा करके दिखाएं।
आस्था अरोड़ा ने शुक्रवार को अमर उजाला से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साल 2014 में अपनी पार्टी का लोकसभा चुनाव में प्रचार किया था। उन्होंने जनता से अनेक वायदा भी किया था। सबको शौचालय देने, घर-बिजली देने और सड़कों की हालत सुधारने जैसे अनेक काम उन्होंने करके दिखाया भी है। लेकिन क्या वे इस बात को कह सकते हैं कि एक बार लोगों को घर देने के बाद बाकी किसी को घर देने की जरुरत नहीं रह जाएगी।
आस्था ने कहा कि देश की आबादी तेजी से बढ़ रही है। हर साल करोड़ों बच्चे पैदा हो रहे हैं। ऐसे में कोई भी किया गया सुधार अगले वर्ष के लिए नाकाफी साबित हो जाता है। ऐसे में जब तक बढ़ती आबादी पर लगाम नहीं लगाई जाती, देश में कोई भी सुधार सफल नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि वे नहीं चाहतीं कि इस देश में कभी दो सौ करोड़वां बच्चा जन्म ले।
आज शारदा यूनिवर्सिटी से नर्सिंग में बीएससी कर रहीं आस्था अरोड़ा ने कहा कि वे प्रधानमंत्री से अपील करना चाहती हैं कि वे शीघ्र ही बढ़ती आबादी के नियंत्रण के लिए प्रभावी कानून बनाएं। इसके बिना देश का विकास संभव नहीं है। देश की हर समस्या का हल इसके बाद ही संभव है।