दिल्ली: बकरीद के मौके पर जामा मस्जिद में नमाज अदा करने पहुंचे अकीदतमंद।
- फोटो : ANI
देशभर में शनिवार को कोरोना वायरस संकट के बीच बकरीद का पर्व मनाया जा रहा है। ईद-उल-अजहा को कुर्बानी का त्योहार भी कहते हैं। पूरे देश में हर्षोउल्लास के साथ इसे मनाया जा रहा है।ईद-उल-अजहा के मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश की दिग्गज हस्तियों ने मुबारकबाद दी है।
राष्ट्रपति ने जहां अपने संदेश में इस त्योहार का महत्व समझाते हुए सभी से कोविड-19 की रोकथाम के लिए गाइडलाइंस का पालन करने की अपील की। वहीं प्रधानमंत्री ने दुआ मांगी कि भाईचारे और दया की भावना और बढ़े। कोरोना वायरस के मद्देनजर दिल्ली की जामा मस्जिद समेत अन्य मस्जिदों में ईद-उल -जहा की नमाज सोशल डिस्टेंसिंग के साथ पढ़ी गई। कई जगह लोगों से अपील की गई थी कि वे अपने घर पर नमाज पढ़ें। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने दिल्ली में अपने घर पर नमाज अदा की।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट कर मुबारकबाद दी। राष्ट्रपति ने तीन भाषाओं हिंदी, अंग्रेजी के साथ-साथ उर्दू में भी ट्वीट किया। राष्ट्रपति ने कहा, "ईद मुबारक। ईद-उल-अजहा का त्योहार आपसी भाईचारे और त्याग की भावना का प्रतीक है तथा लोगों को सभी के हितों के लिए काम करने की प्रेरणा देता है। आइए, इस मुबारक मौके पर हम अपनी खुशियों को जरूरतमंद लोगों से साझा करें और कोविड-19 की रोकथाम के लिए सभी दिशानिर्देशों का पालन करें।"
वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी देशवासियों को ईद-उल-अजहा की शुभकामनाएं दी और उम्मीद जताई कि यह पर्व ‘‘न्यायपूर्ण,समरसतापूर्ण और एक समावेशी’’ समाज के निर्माण के लिए हमें प्रेरित करेगा। मोदी ने ट्वीट किया,‘‘ईद मुबारक। ईद-उल-अजहा पर बधाई। यह दिन हमें न्यायपूर्ण,समरसतापूर्ण और एक समावेशी समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करे।’’ उन्होंने कहा कि भाईचारे और करुणा की भावना आगे बढ़े।
अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने बकरीद की नमाज अपने घर पर अदा की। उन्होंने कहा, "ईद-उल-अजहा की सभी देशवासियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। जिस तरह का कोरोना संकट आज पूरी दुनिया के सामने है उसकी वजह से इबादत तो हो रही है लेकिन हिफाजत के साथ और इस इबादत में जुनून और जज्बे में कमी नहीं है।"